नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है. उन्होंने कहा कि मोदी गांधीजी के स्वदेशी विचार को आगे बढ़ाते हुए देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में ले जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे शासन के दौरान उसने अंग्रेजों की सोच और व्यवस्थाओं की विरासत को आगे बढ़ाया. वहीं, वर्तमान में मेक इन इंडिया और मेड इन इंडिया की भावना के साथ स्वदेशी को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार किया जा रहा है.
यादव ने भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार के साहस की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि यात्री विमान में यात्रियों की जान बचाने और आतंकवादियों के मंसूबों को विफल करने में उनके साहस ने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा किया है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे के दौरान गोपालक सम्मेलन, दुग्ध उत्पादन, युवा कौशल विकास और विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम होंगे. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश नक्सलमुक्त होने के बाद अब नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है.