नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में युवाओं को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में यूपी राइज 2026 सम्मेलन आयोजित किया गया. प्रदेश सरकार और टाइम्स नेटवर्क की सहभागिता में ‘संवाद, संकल्प, सफलता’ थीम पर हुए आयोजन में विद्यार्थियों ने अपने स्टार्टअप और व्यावसायिक मॉडल प्रस्तुत किए.
प्रतियोगिता की शुरुआत 100 टीमों से हुई, जिनमें से 35 टीमें दूसरे चरण और 15 टीमें फाइनल राउंड तक पहुंचीं. तकनीकी मूल्यांकन के बाद तीन सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप्स को सम्मानित किया गया.
डेंटल कॉलेज की ‘ओरल केयर इनोवेटर्स’ टीम ने पहला स्थान हासिल किया. टीम ने पानी के नियंत्रित दबाव से जीभ की सफाई करने वाला प्रोटोटाइप तैयार किया है, जिसका उद्देश्य मुंह की दुर्गंध और फंगल संक्रमण जैसी समस्याओं को कम करना है. टीम को 25 हजार रुपये का चेक मिला.
‘सॉकेट सेवर्स’ टीम दूसरे स्थान पर रही. टीम ने दांत निकालने के दौरान होने वाले दर्द को कम करने के लिए विशेष इंजेक्शन तकनीक विकसित की है.
कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज की ‘टीम वास्तव’ तीसरे स्थान पर रही. टीम ने ऐसा एसओएस सिस्टम बनाया है, जो आपात स्थिति में अस्पताल को मरीज की मेडिकल हिस्ट्री और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएगा.
टीएमयू कुलपति डॉ. वी.के. जैन ने बताया कि संस्थान में 16 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं. परिसर में ‘शक्ति क्षेत्र’ के जरिए विद्यार्थियों ने आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश को लेकर अपने विचार भी साझा किए.