(अजय मसंद)
काकामिगाहारा, एक अक्टूबर (भाषा) आखिरी सीटी बजने से 45 सेकंड पहले अभिषेक के गोल के दम पर पाकिस्तान को 4 . 3 से हराकर भारतीय पुरूष हॉकी टीम एशियाई खेलों के फाइनल में पहुंच गई हालांकि दूसरे हाफ में तीन गोल गंवाने वाली गत चैम्पियन टीम का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा ।
तीन अक्टूबर को फाइनल में भारत का सामना मलेशिया से होगा जिसने दूसरे सेमीफाइनल में कोरिया को हराया ।
भारत के लिये कप्तान हरमनप्रीत सिंह (पांचवें और 13वें मिनट ) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किये जबकि सुखजीत सिंह (23वें मिनट ) और अभिषेक (60वें मिनट) ने फील्ड गोल दागे । पाकिस्तान के लिये कप्तान अबू बकर ने 30वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल किया जबकि शाहिद हन्नान (45वें) और राणा वाहिद (49वें) ने पांच मिनट के भीतर दो गोल दागे ।
भारत ने पहले हाफ में तीन गोल करके 3 . 0 से बढत बना ली थी लेकिन दूसरा हाफ पाकिस्तान के नाम रहा जिसने तीन गोल करके स्कोर 3 . 3 कर दिया । ऐसा लग रहा था कि मैच पेनल्टी शूटआउट तक जायेगा लेकिन आखिरी सीटी बजने से कुछ सेकंड पहले अभिषेक ने पाकिस्तानी गोलकीपर अली रजा और डिफेंडर सूफियान को चकमा देकर विजयी गोल दागा ।
पहले हाफ में भारत का दबदबा रहा लेकिन दूसरे हाफ में पाकिस्तान के युवा फॉरवर्ड पूरी तरह हावी नजर आये । इसके चलते भारत का डिफेंस कई बार चरमराया और तीन गोल की मजबूत बढत भारत ने गंवा दी ।
भारत को पहले क्वार्टर में कई पेनल्टी कॉर्नर मिले । चार नाकाम प्रयासों के बाद हरमनप्रीत ने पांचवें मिनट में दमदार ड्रैग फ्लिक पर पहला गोल किया ।
भारतीय कप्तान ने 13वें मिनट में बढत दुगुनी कर दी जब मनप्रीत सिंह ने भारत को सातवां पेनल्टी कॉर्नर दिलाया था । सुखजीत ने 23वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा से बायीं ओर से मिले पास को गोल में बदला ।
हाफटाइम से ठीक पहले पाकिस्तान के कप्तान बकर ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके टीम को मैच में लौटाया । बकर की ताकतवर फ्लिक सीधे भारतीय गोल के भीतर गई ।
ब्रेक के बाद भारत ने आक्रामक शुरूआत की और दिलप्रीत सिंह तथा हार्दिक सिंह ने कई हमले बोले । अभिषेक 40वें मिनट में गोल करने के करीब पहुंचे लेकिन उनकी फ्लिक पोस्ट से टकरा गई ।
पाकिस्तान के अम्माद बट को 37वें मिनट में पीला कार्ड मिला लेकिन इससे भी टीम की लय नहीं बिगड़ी ।
हन्नान ने 45वें मिनट में गजांफर अली के पास पर गोल करके स्कोर 2 . 3 कर दिया । इसके बाद से पाकिस्तानी टीम नये जोश के साथ खेलती नजर आई जबकि भारतीयों से गई गलतियां हुई ।
पाकिस्तान ने इसका फायदा उठाकर 49वें मिनट में बराबरी का गोल दाग दिया जिससे भारतीय खेमा और मैदान पर जमा चुनिंदा भारतीय प्रशंसक स्तब्ध रह गए । राणा वाहिद ने पूरे भारतीय डिफेंस को चकमा देकर यह गोल किया ।
आखिरी मिनटों में भी पाकिस्तान ने आक्रामक हॉकी खेली लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने कई अहम बचाव किये । वहीं पाकिस्तानी गोलकीपर अली रजा ने दो बार भारत के हमले नाकाम किये । हूटर से दो मिनट पहले पेनल्टी कॉर्नर की भारत की अपील वीडियो रेफरल पर खारिज कर दी गई ।
आखिरी मिनट में अभिषेक ने गोल के सामने गेंद पर स्टिक लगाकर उसका रूख गोल की तरफ कर दिया और सूफियान तथा गोलकीपर समझ भी नहीं पाये कि गोल हो गया ।
भाषा मोना पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.