scorecardresearch
Saturday, 4 July, 2026
होमखेलभारतीय बधिर महिला क्रिकेट टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय दौरे पर श्रीलंका जाएगी

भारतीय बधिर महिला क्रिकेट टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय दौरे पर श्रीलंका जाएगी

Text Size:

नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) भारतीय बधिर महिला क्रिकेट टीम अपने पहले अंतरराष्ट्रीय टी20 दौरे पर सात से 13 जुलाई तक श्रीलंका में पांच मैचों की श्रृंखला खेलेगी।

शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विकेटकीपर काजल धवन 15 सदस्यीय भारतीय टीम की कप्तानी करेंगी जबकि नीदा जबी शेख को उपकप्तान बनाया गया है।

श्रृंखला के सभी मुकाबले श्रीलंका के मोरातुवा स्थित डी सोयसा पार्क अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

भारतीय बधिर क्रिकेट संघ (आईडीसीए) ने अगले वर्ष मार्च में भारत में महिला टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला आयोजित करने की भी घोषणा की है जिसमें श्रीलंका और त्रिनिदाद एवं टोबैगो की टीम भी भाग लेंगी। इसके अलावा फरवरी 2028 में दिल्ली में बधिर महिला टी20 विश्व कप का आयोजन भी किया जाएगा।

इस अवसर पर भारत की पूर्व महिला क्रिकेट कप्तान डायना एडुल्जी ने कहा, ‘‘यह भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण उपलब्धि है कि हमारी बधिर खिलाड़ियों को पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिला है। क्रिकेट सभी का खेल है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप यहां तक पहुंचकर ही कई बाधाओं को पार कर चुकी हैं और हम सभी को आप पर गर्व है। मैंने मुंबई में टी10 बधिर क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में आपका खेल देखा था। इन महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल भावना ने मुझे बेहद प्रभावित किया। अब समय आ गया है कि आप दुनिया को दिखाएं कि भारतीय महिला क्रिकेटर मैदान पर क्या कर सकती हैं। ’’

भारतीय टीम की कप्तान काजल धवन ने कहा, ‘‘श्रीलंका का यह पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 दौरा केवल क्रिकेट खेलने का मौका नहीं है, बल्कि यह साबित करने का भी मौका है कि सुनने में असमर्थ होना जुनून, प्रतिभा या देश का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता में कोई बाधा नहीं है। हमारी टीम की हर खिलाड़ी ने अथक मेहनत की है और हम उन सभी भारतीय लड़कियों की उम्मीदों को अपने साथ लेकर जा रहे हैं, जो नीली जर्सी पहनने का सपना देखती हैं। ’’

भारतीय बधिर महिला टीम:

काजल धवन (कप्तान और विकेटकीपर), नीदा जबी शेख (उपकप्तान), प्रतिमा मिश्रा (विकेटकीपर), आकांक्षा कनासिया, रेड्डी ज्योत्श्ना, दीप्ति रानी साहू, श्रद्धा वैष्णव, संगीता, सुकन्या के एस, रूबी यादव, चांदनी खान, प्रियांशी दीक्षित, डी कंथम्मा, प्रियंका सैनी और अंजलि।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments