scorecardresearch
Saturday, 4 July, 2026
होमखेलवह सीखकर और मजबूत होकर वापसी करेगा: अय्यर ने बिश्नोई का किया बचाव

वह सीखकर और मजबूत होकर वापसी करेगा: अय्यर ने बिश्नोई का किया बचाव

Text Size:

मैनचेस्टर, चार जुलाई (भाषा) इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की चार विकेट से हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 17वें ओवर में 29 रन लुटाने वाले स्पिनर रवि बिश्नोई का बचाव किया।

इंग्लैंड को आखिरी चार ओवर में 49 रन की जरूरत थी लेकिन बिश्नोई ने 17वें ओवर में दो नॉ बॉल के साथ 29 रन लुटा दिये और मैच पूरी तरह से भारत के हाथ से निकल गया।

अय्यर ने हालांकि किसी एक खिलाड़ी को हार का जिम्मेदार मानने से इनकार करते हुए बिश्नोई का बचाव किया।

अय्यर ने मैव के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘मुझे पता है कि मैच हमारे हाथ से कब निकला, लेकिन मैं किसी एक खिलाड़ी की ओर उंगली नहीं उठाना चाहता। 15वें ओवर के बाद मैच का रूख बदल गया और 17वें ओवर में मुकाबला पूरी तरह उनसे (इंग्लैंड) की तरफ चला गया।’

बिश्नोई के महंगे ओवर पर उन्होंने कहा, ‘उन्होंने नो-बॉल फेंकी, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि वह इससे सीखेंगे और पहले से ज्यादा मजबूत होकर वापसी करेंगे।’’

भारतीय कप्तान ने टीम के 190 रन के स्कोर की भी सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘इस विकेट पर 190 रन शानदार स्कोर था। आखिरी ओवर में तिलक वर्मा की तेजतर्रार पारी बेहद अहम रही।’’

अय्यर ने इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथल और गेंदबाज सैम कुरन की भी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘बेथल ने जिस तरह हमारे गेंदबाजों पर हमला किया, उसका श्रेय उन्हें जाता है। वहीं कुरन ने हमारे बाएं हाथ के बल्लेबाजों को उनके पसंदीदा लेग साइड शॉट खेलने का मौका नहीं दिया।’’

पंद्रह वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय पदार्पण पर अय्यर ने कहा, ‘उसका रवैया बिल्कुल बेखौफ है। उसे बल्लेबाजी करते देखना शानदार अनुभव है। पिछले कुछ महीनों में उसने जिस तरह का क्रिकेट खेला है, उसी आत्मविश्वास के साथ उसने इस स्तर पर भी खुद को साबित किया। उसका खेल आंखों को सुकून देने वाला है।’’

भाषा आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments