ऑकलैंड, 28 अक्टूबर (भाषा) भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार को यहां ईडन पार्क में होने वाले चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच को देखने के लिए लगभग 40,000 दर्शकों के आने की उम्मीद है, जो ऑकलैंड के इस मैदान के इतिहास में तीसरी सबसे बड़ी उपस्थिति होगी।
भारत ने पांच मैचों की श्रृंखला के पहले तीन मैच जीतकर अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इन तीनों मैच के लिए बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम में पहुंचे थे।
अभिषेक शर्मा और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में धुआंधार बल्लेबाजी का अद्भुत नमूना पेश किया जिससे भारत ने छह विकेट से बड़ी जीत हासिल की।
अभिषेक और सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने 199 रन का लक्ष्य महज 13.2 ओवरों में हासिल कर लिया। अभिषेक ने 38 गेंदों में 113 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और 11 छक्के शामिल थे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के एक बयान में कहा, ‘‘न्यूजीलैंड और भारत के बीच शुक्रवार को ऑकलैंड में होने वाले चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के सभी टिकट बिक गए हैं और इस मैच के लिए 40,000 से अधिक दर्शकों के ईडन पार्क पहुंचने की संभावना है।’’
बयान के अनुसार, ‘‘इससे पहले हैगली ओवल में खेले गए शुरुआती दो मैचों के भी सभी टिकट बिक गए थे। रविवार को सेडन पार्क में होने वाले श्रृंखला के पांचवें और अंतिम मैच के भी सभी टिकट बिक चुके हैं।’’
ऑकलैंड में होने वाला मैच न्यूजीलैंड क्रिकेट के द्विपक्षीय श्रृंखला के मैचों में दर्शकों की उपस्थिति का नया रिकॉर्ड बनाएगा। इससे पहले 2019 में भारत और न्यूजीलैंड की पुरुष और महिला टीमों के बीच एक ही दिन खेले गए मैचों को देखने के लिए 36,523 दर्शक ईडन पार्क पहुंचे थे।
किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए ईडन पार्क में इससे अधिक दर्शक केवल दो बार ही पहुंचे थे।
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच 2015 के वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल के लिए 41,000 जबकि रिपोर्टों के अनुसार 1982 में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए वनडे मैच को देखने के लिए 42,000 दर्शक पहुंचे थे।
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.