scorecardresearch
Thursday, 7 May, 2026
होमरिपोर्टभोपाल से ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ रवाना, CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी

भोपाल से ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ रवाना, CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी

आधिकारिक बयान के अनुसार, पहली बार मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से 1,100 श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष ट्रेन सोमनाथ मंदिर के लिए रवाना हुई. यह ट्रेन आगे उज्जैन रेलवे स्टेशन से भी यात्रियों को लेकर सोमनाथ के लिए रवाना होगी.

Text Size:

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह यात्रा राज्य के संस्कृति विभाग द्वारा ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत आयोजित की गई है.

आधिकारिक बयान के अनुसार, पहली बार मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से 1,100 श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष ट्रेन सोमनाथ मंदिर के लिए रवाना हुई. यह ट्रेन आगे उज्जैन रेलवे स्टेशन से भी यात्रियों को लेकर सोमनाथ के लिए रवाना होगी.

यात्रा के दौरान श्रद्धालु सोमनाथ धाम में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, दर्शन और धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लेंगे.

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पत्रकारों से कहा, “आज मध्य प्रदेश के भोपाल और उज्जैन संभाग के श्रद्धालु ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत गुजरात स्थित भगवान सोमनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास को जोड़ने’ के विजन के तहत प्रगति के नए आयाम शुरू किए गए हैं. इसी पहल के तहत देश के अलग-अलग राज्यों के श्रद्धालु सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में भाग ले रहे हैं.”

मुख्यमंत्री ने सोमनाथ यात्रा पर रवाना हुए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं भी दीं.

वहीं संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव के मुताबिक, ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का उद्देश्य भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण, सदियों के संघर्ष और अटूट आस्था को देशभर की भागीदारी के जरिए याद करना है.

उन्होंने कहा कि यह पर्व देश की गौरवशाली विरासत को समर्पित है. इसका मकसद लोगों को उन सदियों लंबे संघर्षों और अटूट विश्वास की याद दिलाना है, जिसने कठिन परिस्थितियों में भी भारत की सांस्कृतिक चेतना को जीवित रखा.

यह यात्रा राज्य के लोगों में सांस्कृतिक एकता, भक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है.

यह तीर्थ यात्रा 11 मई को समाप्त होगी, जब श्रद्धालु सोमनाथ के दर्शन के बाद वापस मध्य प्रदेश लौटेंगे.

share & View comments