scorecardresearch
Wednesday, 22 July, 2026
होमरिपोर्टझारखंड में फिल्म और OTT इंडस्ट्री को बढ़ावा, SRFTI के साथ MoU; युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

झारखंड में फिल्म और OTT इंडस्ट्री को बढ़ावा, SRFTI के साथ MoU; युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

इस समझौते के तहत झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) की शुरुआत होगी. शुरुआती चरण में साउंड डिजाइन, एडिटिंग, एनीमेशन, स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों में शॉर्ट-ड्यूरेशन कोर्स चलाए जाएंगे.

Text Size:

रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के युवाओं को फिल्म, टीवी और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में बेहतर अवसर देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JFDCL) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए.

इस समझौते के तहत झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) की शुरुआत होगी. शुरुआती चरण में साउंड डिजाइन, एडिटिंग, एनीमेशन, स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों में शॉर्ट-ड्यूरेशन कोर्स चलाए जाएंगे.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह सिर्फ एक MoU नहीं, बल्कि झारखंड के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए नई शुरुआत है. इससे उन्हें विश्वस्तरीय तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर का मंच मिलेगा. उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल पारंपरिक सिनेमा ही नहीं, बल्कि OTT प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं और राज्य में कई प्रतिभाएं हैं जिन्हें सही मंच और प्रशिक्षण की जरूरत है. उन्होंने संथाली फिल्म ‘आंगेन’ को मिले राष्ट्रीय सम्मान का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के कलाकारों को तराशने का काम अब JFTI करेगा.

उन्होंने यह भी कहा कि एक समय डॉक्टर और इंजीनियर बनना ही सबसे बड़ा सपना माना जाता था, लेकिन अब फिल्म और क्रिएटिव इंडस्ट्री में भी युवाओं के लिए बड़े अवसर हैं. राज्य सरकार चाहती है कि झारखंड के युवा इस क्षेत्र में भी देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाएं.

कार्यक्रम में राज्य सरकार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित फिल्मकार बीजू टोप्पो, रविराज मुर्मू, अनुज कुमार और निरंजन कुजूर को भी सम्मानित किया. इस मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता समेत कई अधिकारी, शिक्षाविद और छात्र मौजूद रहे.

share & View comments