scorecardresearch
Wednesday, 22 July, 2026
होमदेशNEET का गुस्सा बिहार पहुंचा, पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज और आंसू गैस

NEET का गुस्सा बिहार पहुंचा, पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज और आंसू गैस

कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन अब दिल्ली से बाहर भी फैल गया है. मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, गोवा समेत कई शहरों में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं.

Text Size:

नई दिल्ली: बिहार में बुधवार को नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हटाने के लिए बिहार पुलिस ने लाठीचार्ज किया, वाटर कैनन चलाए और आंसू गैस के गोले छोड़े. छात्र गांधी मैदान से डाकबंगला चौराहा और कोतवाली थाना होते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के घर की तरफ मार्च कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक दिया.

प्रदर्शन में शामिल बीपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र सुमित यादव ने कहा, “हम छात्रों के अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं. किसी को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. पूरे देश के छात्र शिक्षा व्यवस्था की हालत से गुस्से में हैं. छात्र शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.”

मौके पर पुलिस की छह टीमें और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था. छात्रों के हाथों में पोस्टर थे, जिन पर लिखा था, “हर परीक्षा में भ्रष्टाचार, जिम्मेदार है मोदी सरकार.”

इस प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने किया. इस दौरान ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित रहा और लोगों को काफी परेशानी हुई. पेपर लीक के अलावा संगठन ने शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार, शिक्षा के निजीकरण और पटना यूनिवर्सिटी एक्ट, 1976 को खत्म करने का भी विरोध किया.

संगठन का कहना है कि विश्वविद्यालयों को सरकारी दफ्तर की तरह नहीं चलाया जाना चाहिए और छात्रों, शिक्षकों व कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए.

प्रदर्शन में शामिल एक अन्य छात्रा मोहिनी चौधरी ने कहा, “अब बहुत हो चुका. बात सिर्फ नीट की नहीं है. कोई भी सरकारी नौकरी की परीक्षा बिना गड़बड़ी के नहीं होती. कभी पेपर लीक हो जाता है, कभी तकनीकी दिक्कत आ जाती है. हमारे भविष्य को गंभीरता से नहीं लिया जाता.”

दिल्ली से बाहर भी फैल रहा प्रदर्शन

कई जगहों पर प्रदर्शन हिंसक हो गया. कहीं पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया, तो कहीं राजनीतिक नेताओं की गाड़ियों पर हमला होने की खबरें सामने आईं. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में भीड़ एक विधायक की गाड़ी पर पत्थर फेंकती दिखाई दे रही है.

जब छात्र मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे, तब पुलिस ने कई जगह बैरिकेड लगाए, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं रुके, जिसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच टकराव हो गया. राजभवन रोड पर हालात बिगड़ने के बाद पुलिस ने पहले वाटर कैनन चलाए और फिर लाठीचार्ज किया. इस झड़प में कई छात्र, पुलिसकर्मी और कुछ पत्रकार घायल हो गए.

कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन अब दिल्ली से निकलकर मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, गोवा, गुवाहाटी, आइजोल, ईटानगर, जम्मू, तिरुवनंतपुरम और अहमदाबाद जैसे शहरों तक पहुंच गया है.

कई शहरों में छात्र जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में मार्च निकाल रहे हैं. उनकी मांग वही है—नीट पेपर लीक की जिम्मेदारी तय हो, परीक्षा व्यवस्था में सुधार हो और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें. ज्यादातर जगहों पर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, लेकिन दिल्ली और पटना में हिंसा देखने को मिली.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: CJP प्रदर्शन के बीच ABVP का बयान—छात्रों के नाम पर अराजकता और देश विरोधी एजेंडा बर्दाश्त नहीं


 

share & View comments