scorecardresearch
Saturday, 9 May, 2026
होमरिपोर्टपश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का गठन, शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का गठन, शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई, कहा—बंगाल में सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए दौर की शुरुआत.

Text Size:

भोपाल: शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं. उन्होंने शुक्रवार को एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई बड़े नेता मौजूद रहे.

शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि आज से पश्चिम बंगाल में सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए युग की शुरुआत हो गई है.

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास, निवेश, सुशासन और जनकल्याण के नए रिकॉर्ड बनाएगा.

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और पश्चिम बंगाल की जनता को भी इस ऐतिहासिक बदलाव के लिए शुभकामनाएं दीं.

शपथ ग्रहण से पहले डॉ. मोहन यादव ने कहा था कि पश्चिम बंगाल हमेशा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला राज्य रहा है, लेकिन कांग्रेस, कम्युनिस्ट और तृणमूल कांग्रेस की नीतियों के कारण राज्य पीछे चला गया. उन्होंने कहा कि अब बंगाल पुरानी राजनीति छोड़कर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 9 मई 2026 का दिन इतिहास में एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण दिन के रूप में याद रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि यह दिन आशा, सम्मान और सुशासन के नए अध्याय की शुरुआत का संदेश देता है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनना उनके लिए सौभाग्य की बात रही.

share & View comments