scorecardresearch
Wednesday, 29 July, 2026
होमराजनीतिराहुल के आरोप पर सरकार ने लोकसभा में कहा—प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग का आदेश अमित शाह ने नहीं दिया

राहुल के आरोप पर सरकार ने लोकसभा में कहा—प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग का आदेश अमित शाह ने नहीं दिया

संसद में छात्र प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ पुलिस की कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी के अमित शाह पर हमले से बीजेपी खेमे में ज़बरदस्त विरोध हुआ, मंत्रियों ने बार-बार दखल दिया और आख़िरकार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी.

Text Size:

नई दिल्ली: संसद में बुधवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने साफ किया कि गृह मंत्री अमित शाह ने NEET पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग या गोली चलाने का कोई आदेश नहीं दिया था.

राहुल गांधी ने बहस के दौरान गृह मंत्री अमित शाह की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाते हुए उन पर निशाना साधा. उनके बयान पर बीजेपी के मंत्री राजनाथ सिंह और किरेन रिजिजू ने कड़ा विरोध जताया.

राहुल गांधी ने कहा, “गृह मंत्री आज सदन में नहीं हैं क्योंकि वे डरे हुए हैं. उन्होंने छात्रों पर गोली चलाने की अनुमति दी थी.”

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को गृह मंत्री अमित शाह पर लगाए गए आरोपों के सबूत पेश करने चाहिए.

राहुल गांधी ने अपने भाषण में एक 18 साल के छात्र की बात का जिक्र करते हुए सरकार पर हमला बोला. उन्होंने तीन तरह के लोगों का जिक्र किया: छात्र, (असंसदीय शब्द) और अंधभक्त.

राहुल गांधी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ प्रदर्शन के दौरान उनकी उस छात्र से मुलाकात हुई थी. महात्मा गांधी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि छात्र के घर की खिड़कियां हमेशा खुली रहती हैं, क्योंकि वह सुनने और सीखने के लिए तैयार रहता है.

राहुल गांधी ने कहा, “सच मीठा होता है. छात्र हमेशा सच के पीछे भागता है. महात्मा गांधी ने कहा था कि छात्र के घर की खिड़कियां हर दिशा की हवा के लिए खुली रहती हैं. छात्र की पहचान यह है कि वह सच को गर्व से अपने सीने पर रखता है. दूसरी तरह के लोगों को अपनी छवि की जरूरत होती है, क्योंकि (असंसदीय शब्द) खुद को भगवान दिखाने की कोशिश करता है. ये (असंसदीय शब्द) किसी की बात नहीं सुनते.”

इन टिप्पणियों पर बीजेपी ने तुरंत आपत्ति जताई. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने एक छात्र की बात का इस्तेमाल अपने राजनीतिक विरोधियों पर असंसदीय टिप्पणी करने के लिए किया. उन्होंने अध्यक्ष से हस्तक्षेप करने की मांग की.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी राहुल गांधी की टिप्पणियों पर आपत्ति जताई और असंसदीय शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की. इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने राहुल गांधी के बयान का समर्थन किया.

इसके बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीति पर हमला बोला. उन्होंने कहा, “हमारी शिक्षा व्यवस्था बहुत खराब है. यह क्रूर है. इसमें बड़े पैमाने पर निजीकरण हो रहा है. शिक्षा व्यवस्था की आत्मा पर RSS ने कब्जा कर लिया है.”

उन्होंने कहा, “छात्र इस बात से बेहद परेशान हैं कि उन्हें अपनी पसंद के मुताबिक आगे बढ़ने और अपनी मर्जी के सवाल पूछने की आजादी नहीं मिल रही.”

राहुल गांधी ने आगे आरोप लगाया कि देशभर के विश्वविद्यालयों में RSS समर्थित लोग नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि शिक्षा व्यवस्था पर असली नियंत्रण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नहीं, बल्कि RSS का है.

उन्होंने यह भी कहा कि देश के हर विश्वविद्यालय में RSS से जुड़ा कुलाधिपति है और शिक्षा संस्थानों पर वैचारिक कब्जे की वजह से स्वतंत्र सोच कमजोर हुई है.

पेपर लीक के खिलाफ हाल में हुए छात्र प्रदर्शनों की तारीफ करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ये प्रदर्शन गुस्से की नहीं, बल्कि उम्मीद की निशानी हैं.

उन्होंने कहा, “देश के भविष्य ने सड़कों पर जो किया, उसे देखकर मैं बहुत उत्साहित और आश्वस्त हुआ. यह गुस्सा, हिंसा या नफरत नहीं थी, बल्कि इस देश के युवाओं और आने वाली पीढ़ी की गहरी भावना की अभिव्यक्ति थी.”

राहुल गांधी ने सभी राजनीतिक दलों से छात्रों का सम्मान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं को अपने बच्चों से पूछना चाहिए कि वे इन प्रदर्शनों के बारे में क्या सोचते हैं.

उन्होंने कहा, “अगर बीजेपी नेता अपने बच्चों से पूछेंगे, तो उन्हें पता चलेगा कि उनके बच्चे भी सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से सहमत हैं.”

राहुल गांधी के भाषण के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: CJP प्रदर्शन: सुप्रीम कोर्ट का आदेश, बिना आपराधिक रिकॉर्ड वाले सभी छात्रों को तुरंत रिहा करें


 

share & View comments