scorecardresearch
Saturday, 14 November, 2026
होमराजनीतियोगी के 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कटने के दावे के बाद BJP का जवाबी अभियान, 1 करोड़ नाम जोड़ने का लक्ष्य

योगी के 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कटने के दावे के बाद BJP का जवाबी अभियान, 1 करोड़ नाम जोड़ने का लक्ष्य

अगले साल की शुरुआत में होने वाले चुनाव से पहले पार्टी की प्रदेश इकाई हर विधानसभा क्षेत्र में हिंदू वोटरों की संख्या बढ़ाने में जुटी; हर बूथ पर कम से कम 50 और हर विधानसभा क्षेत्र में 25,000 नए वोटर जोड़ने का लक्ष्य.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दावे पर कि राज्य की वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम काट दिए गए हैं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय नेतृत्व ने भले ही चुप्पी साध रखी है, लेकिन पार्टी की प्रदेश इकाई हर विधानसभा क्षेत्र में हिंदू वोटरों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रही है. इसके तहत हर बूथ पर कम से कम 50 नए वोटर जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.

हालांकि, दिल्ली में बीजेपी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने इस हफ्ते पत्रकारों से कहा कि वोटर लिस्ट में कोई गड़बड़ी नहीं है. उन्होंने कहा कि योगी के साथ इस मुद्दे पर चर्चा हुई है और उन्हें सारी बातें समझा दी गई हैं.

लेकिन मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश बीजेपी का नेतृत्व इससे संतुष्ट नहीं है. पार्टी ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में जिला अध्यक्षों और प्रभारियों की बैठक बुलाई. इसमें इस अभियान के जरिए पूरे राज्य में करीब एक करोड़ पात्र हिंदू वोटरों के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने के तरीके पर चर्चा की गई. इस बैठक में योगी भी मौजूद थे.

दिप्रिंट को जानकारी मिली है कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ चलाया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलकर काम करने को कहा है, ताकि सभी पात्र हिंदू वोटरों के नाम वोटर लिस्ट में जुड़ सकें. यह अभियान औपचारिक रूप से 19 नवंबर को शुरू होगा.

पार्टी ने हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 25,000 नए हिंदू वोटर जोड़ने का लक्ष्य रखा है.

यह फैसला उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2027 के तहत 17 नवंबर को वोटर लिस्ट का मसौदा जारी होने से पहले लिया गया है. इसी दिन वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने और उस पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू होगी, जो 16 दिसंबर तक चलेगी. इन दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा. अंतिम वोटर लिस्ट 4 जनवरी 2027 को जारी होगी.

मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि यह सुनिश्चित करें कि बीजेपी के प्रमुख समर्थक वर्ग के लोगों के नाम वोटर लिस्ट से न छूटें. उन्होंने पात्र वोटरों के नाम जोड़ने और अपात्र लोगों के नाम हटाने के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 का सही इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया है.

उत्तर प्रदेश बीजेपी के सूत्रों के मुताबिक, हर विधानसभा क्षेत्र में 10,000 से 25,000 वोटर भी जुड़ते हैं, तो इससे पार्टी को फायदा हो सकता है.

पिछले हफ्ते योगी ने दावा किया था कि राज्य की वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम काट दिए गए हैं. उन्होंने सवाल उठाया था कि हिंदू वोटरों की संख्या कैसे कम हो गई, जबकि मुस्लिम वोटरों की संख्या में 1.65 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.

उत्तर प्रदेश बीजेपी के एक पदाधिकारी ने दिप्रिंट से कहा, “अगर हम इस बात की तकनीकी जानकारी में नहीं जाते कि यह आंकड़ा कहां से आया, तो योगी का बयान राजनीतिक रूप से काफी अहम है. खासकर विधान परिषद (MLC) चुनाव में पार्टी को मिली हार के बाद. कम से कम अब पार्टी कार्यकर्ताओं को लगेगा कि मुस्लिम वोटरों की संख्या बढ़ रही है और उन्हें ज्यादा हिंदू वोटरों के नाम जुड़वाने के लिए मेहनत करनी होगी. बैठक के दौरान भी उन्होंने सभी पदाधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा हिंदू वोटरों के नाम दर्ज कराने पर ध्यान देने के लिए मनाने की कोशिश की. यह 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अहम होगा.”

‘हिंदू वोटरों के नाम क्यों कटे’

शुक्रवार को हुई बैठक में पार्टी की प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर वोटरों के नाम कटने की वजह विधानसभा और पंचायत चुनावों की अलग-अलग वोटर लिस्ट को लेकर पैदा हुई गलतफहमी को बताया.

पता चला है कि उन्होंने कहा कि जब राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चल रही थी, उसी समय पंचायत चुनावों की वोटर लिस्ट तैयार करने का काम भी हो रहा था. बताया जाता है कि कई वोटरों को लगा कि उन्हें सिर्फ एक ही वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराना है. इसलिए उन्होंने केवल पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया. योगी के मुताबिक, इसी वजह से उनके नाम विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए.

उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता लोगों को यह समझाने में नाकाम रहे कि पंचायत और विधानसभा चुनावों की वोटर लिस्ट अलग-अलग होती हैं. उनके मुताबिक, इसी गलतफहमी के कारण लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कट गए.

अब बीजेपी के पदाधिकारी इन वोटरों के नाम दोबारा वोटर लिस्ट में जुड़वाने के लिए काम करेंगे. योगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अगले एक महीने तक अपना पूरा ध्यान इस अभियान पर लगाने का निर्देश दिया है. उन्होंने पार्टी से दूसरे राज्यों में रहने वाले उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूरों से भी संपर्क करने और उन्हें राज्य की वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराने में मदद करने को कहा है.

बीजेपी की योजना वोटरों को उनके नाम जुड़वाने या एक जगह से दूसरी जगह स्थानांतरित कराने में मदद के लिए फॉर्म 6 और 8 बांटने की है. पार्टी कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीकों से आवेदन करने की प्रक्रिया की ट्रेनिंग दी जाएगी. कार्यकर्ता वोटर लिस्ट की कॉपी लेकर घर-घर जाएंगे, ऐसे पात्र लोगों की पहचान करेंगे जिनके नाम लिस्ट में नहीं हैं और उन्हें फॉर्म 6 भरने में मदद करेंगे. वहीं, फॉर्म 8 का इस्तेमाल वे वोटर करेंगे, जो अपना नाम किसी दूसरी सुविधाजनक जगह पर स्थानांतरित कराना चाहते हैं.

डिप्टी सीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आपसी विवाद से बचने की चेतावनी दी

शुक्रवार को हुई इस बैठक में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और निजी दुश्मनी निकालने से बचने को कहा.

मौर्य ने कहा, “कार्यकर्ताओं को किसी से बदला लेने की सोच से बचना चाहिए. अगर सरकार सत्ता में नहीं रहेगी, तो किसी को निशाना बनाकर आपको क्या हासिल होगा? संगठन को मजबूत करना जरूरी है. कार्यकर्ताओं को समझना चाहिए कि जब सरकार सत्ता में रहेगी, तभी उन्हें भी पद मिलेंगे.”

उन्होंने हाल ही में राज्यसभा भेजे गए नेताओं का भी जिक्र किया और कहा कि वे भी पार्टी कार्यकर्ता के रूप में काम करते हुए आगे बढ़े हैं.

उन्होंने माना कि कार्यकर्ताओं में नाराजगी हो सकती है, लेकिन इसका असर संगठन के काम पर नहीं पड़ना चाहिए. मौर्य ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी बातें पार्टी के नाराज कार्यकर्ताओं की ओर इशारा करती दिखीं.

खबरें आई हैं कि कई इलाकों में बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह की कमी है. कुछ कार्यकर्ताओं ने सरकार और संगठन, दोनों के प्रति नाराजगी जताई है. अब पार्टी नेतृत्व इन चिंताओं को दूर करने और कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रहा है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: नायडू ने अमरावती में आजमाया शहर बसाने का नया मॉडल, जमीन से निवेश तक तीन बड़े प्रयोग


 

share & View comments