scorecardresearch
Saturday, 14 November, 2026
होमदेश14 साल का लड़का बनकर भारतीय व्यक्ति ने ब्रिटेन में 70 नाबालिग लड़कियों को फंसाया, 30 साल की जेल

14 साल का लड़का बनकर भारतीय व्यक्ति ने ब्रिटेन में 70 नाबालिग लड़कियों को फंसाया, 30 साल की जेल

स्नैपचैट, रोबॉक्स और विंक पर 11 से 17 साल की लड़कियों को अपने जाल में फंसाया. पुलिस को उसके फोन में 400 अश्लील तस्वीरें मिलीं. चेस्टर यूनिवर्सिटी के छात्र रहे आरोपी ने बच्चों के यौन शोषण से जुड़े 37 मामलों में अपना जुर्म कबूल किया था.

Text Size:

नई दिल्ली: ब्रिटेन की पुलिस ने कम से कम 70 पीड़ितों की पहचान की है. इनकी उम्र 11 से 17 साल के बीच थी. एक 27 साल के भारतीय व्यक्ति ने इन लड़कियों को अपने जाल में फंसाया और उन्हें अपनी अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेजने के लिए मजबूर किया. जांच में पता चला कि उसने स्नैपचैट, रोबॉक्स और विंक का इस्तेमाल कर इन अपराधों को अंजाम दिया. वह खुद को 14 साल का लड़का बताता था. उसने पीड़ितों को धोखा देने के लिए एक अज्ञात ब्रिटिश किशोर लड़के की तस्वीरों का भी इस्तेमाल किया. इन पीड़ितों की पहचान ब्रिटेन के 45 में से 28 पुलिस बलों के इलाकों में की गई है.

13 नवंबर को जारी एक बयान में चेशायर पुलिस ने बताया कि बच्चों के ऑनलाइन यौन शोषण से जुड़े अपने अब तक के सबसे बड़े मामले की जांच के बाद उसने 180 संभावित पीड़ितों की पहचान की है.

अपराध के समय चेस्टर यूनिवर्सिटी का छात्र रहे बिलाल काजी को शुक्रवार को चेस्टर क्राउन कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने उसे 30 साल की जेल की सजा सुनाई. इसके अलावा उसे आठ साल तक कड़ी निगरानी में भी रहना होगा.

चेशायर पुलिस की जांच के दौरान उसके फोन से 400 से ज्यादा अश्लील तस्वीरें और वीडियो मिले. जांचकर्ताओं को बर्मिंघम में उसके दूसरे डिवाइस से भी 500 से ज्यादा तस्वीरें और वीडियो मिले. इनमें से कई सबसे गंभीर श्रेणी के थे.

सजा सुनाए जाने के बाद चेशायर पुलिस की ऑनलाइन चाइल्ड एब्यूज इन्वेस्टिगेशन टीम (OCAIT) की डिटेक्टिव कॉन्स्टेबल जॉर्जिया ह्यूजेस ने कहा, “काजी के अपराधों का दायरा इतना बड़ा था कि इसकी जांच करना बेहद मुश्किल था. इसके लिए काफी संसाधनों और पुलिस की अलग-अलग टीमों के बीच करीबी तालमेल की जरूरत पड़ी.”

ह्यूजेस ने कहा, “काजी ने जिन लड़कियों को निशाना बनाया, वे कम उम्र की और कमजोर स्थिति में थीं. उनमें से कई के लिए उसके साथ बातचीत करना किसी ऐसे रिश्ते का पहला अनुभव था, जिसे वे प्यार का रिश्ता समझती थीं. काजी ने उनके इसी भरोसे का फायदा उठाया और उन्हें यह विश्वास दिलाया कि उसका व्यवहार सामान्य है.”

उन्होंने आगे कहा, “उसके अपराधों का पीड़ितों पर गहरा और लंबे समय तक रहने वाला असर पड़ा है. कई लड़कियां लगातार इस डर में जीती रहीं कि अगर उन्होंने उसकी मांगें नहीं मानीं तो वह उनके साथ क्या करेगा. कुछ लड़कियां सालों तक इस डर से बाहर नहीं निकल पाईं. जिन सालों में उन्हें जिंदगी के अहम अनुभव हासिल करने चाहिए थे, वे साल काजी के शोषण से मिले सदमे की वजह से प्रभावित हुए.”

जांच के रिकॉर्ड के अनुसार, बर्मिंघम के ह्यूबर्ट क्रॉफ्ट में रहने वाले 27 साल के काजी ने इससे पहले बच्चों के यौन शोषण से जुड़े 37 आरोपों में अपना जुर्म कबूल कर लिया था.

काजी के अपराधों की जांच मई 2022 में OCAIT के अधिकारियों ने अपने हाथ में ली थी. इससे पहले उसकी एक पीड़िता ने डर्बीशायर पुलिस को अपने साथ हुए शोषण की जानकारी दी थी.

‘हिंसक हो गया, पीड़िता को बुरा-भला कहा’

पुलिस जांच के दौरान पीड़िता ने बताया कि जब वह 13 साल की थी, तब उसने स्नैपचैट पर काजी से बात करना शुरू किया था. उसे लगता था कि काजी भी उसी की उम्र का है. पुलिस के मुताबिक, “उनकी बातचीत जल्द ही यौन विषयों पर होने लगी और काजी पीड़िता से कई गलत और आपत्तिजनक सवाल पूछने लगा.”

पुलिस ने आगे बताया, “धीरे-धीरे काजी का व्यवहार और खराब होता गया और उसने पीड़िता से उसकी बिना कपड़ों वाली तस्वीरें और वीडियो मांगने शुरू कर दिए. कुछ ही समय में वह बार-बार और लगातार ऐसी तस्वीरें और वीडियो मांगने लगा.”

इसके अलावा, जुलाई 2021 में पीड़िता ने काजी से कहा कि वह सिर्फ उससे दोस्ती रखना चाहती है और अब उसे अपनी तस्वीरें नहीं भेजना चाहती.

जांच में पता चला, “इसके जवाब में काजी गाली-गलौज करने लगा. उसने पीड़िता को बुरा-भला कहा और दावा किया कि वह उसकी संपत्ति है. इसके बाद उसने धमकी दी कि अगर पीड़िता ने उसकी बात नहीं मानी तो वह पहले भेजी गई तस्वीरें और वीडियो उसके दोस्तों को भेज देगा.”

काजी की धमकियों से डरकर पीड़िता को लगा कि उसके पास उसे अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेजते रहने के अलावा कोई रास्ता नहीं है. कुछ ही समय बाद पीड़िता का स्नैपचैट अकाउंट हैक हो गया और काजी को भेजी गई उसकी तस्वीरें और वीडियो उसके दोस्तों को भेज दिए गए. इसके बाद नवंबर 2021 में उसने डर्बीशायर पुलिस में काजी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.

बाद में यह मामला चेशायर पुलिस को सौंप दिया गया, क्योंकि जांच में पता चला कि काजी का आखिरी पता चेस्टर में था. हालांकि, जांच में सामने आया कि वह तब तक उस इलाके को छोड़ चुका था और उसका कोई पता नहीं था. इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे वांछित घोषित कर दिया. बाद में पता चला कि काजी देश छोड़कर जा चुका था.

जुलाई 2023 में ब्रिटेन लौटने पर उसे हीथ्रो एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद पहली पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर उससे पूछताछ की गई.

चेशायर पुलिस ने कहा, “इसके बाद उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया और पुलिस की डिजिटल फॉरेंसिक यूनिट (DFU) ने उसकी जांच की. इस जांच में ऐसे सबूत मिले, जिनसे पता चला कि यह OCAIT के सामने आया अब तक का सबसे बड़ा अपराध नेटवर्क हो सकता है.”

स्नैपचैट पर हुई बातचीत से खुलासे

जांच के रिकॉर्ड के मुताबिक, स्नैपचैट पर काजी से बातचीत के दौरान एक पीड़िता ने लिखा था, “और सच कहूं तो (ईमानदारी से कहूं तो) अब मैं अपनी कोई और अश्लील तस्वीरें नहीं भेज रही हूं. मुझे यह पसंद नहीं है और इससे मैं असहज महसूस करती हूं.”

इस पर काजी ने 14 साल के लड़के रीस बनकर जवाब दिया, “सच में.”

इसके बाद पीड़िता ने लिखा, “हां, मैं सच बोल रही हूं. मैं तुम्हें यह नहीं बताना चाहती थी, क्योंकि मुझे लगा कि इससे तुम नाराज हो जाओगे कि मैं अब और तस्वीरें नहीं भेजना चाहती.”

काजी ने जवाब दिया, “हां, इसीलिए मैं हमेशा बैकअप रखता हूं, क्योंकि मुझे पता था कि तुम ऐसा ही कुछ करोगी.”

इसके बाद पीड़िता ने उससे पूछा, “तुम्हारे पास बैकअप है?”

जवाब में उसने पीड़िता को तीन फाइलें भेजीं. इसके बाद पीड़िता ने उससे उन फाइलों को डिलीट करने के लिए कहा.

इसके अलावा, स्नैपचैट पर हुई इसी तरह की दूसरी बातचीत में भी काजी पीड़िताओं को अपनी अश्लील तस्वीरें भेजने के लिए मनाता हुआ दिखाई दिया. ऐसे ही एक मामले में पीड़िता ने उससे कहा, “मैं यह बाद में करूंगी, अभी मैं सफाई कर रही हूं.”

इसके बाद उसने पीड़िता से अपनी लोकेशन चालू करने के लिए कहा. उसने लिखा, “मैं तुम्हारी बहुत ज्यादा चिंता करता हूं और तुम्हारी सुरक्षा को लेकर परेशान रहता हूं. स्नैप की सेटिंग में जाओ, लोकेशन पर क्लिक करो और इन दोस्तों को जोड़ दो.”

180 संभावित पीड़िताएं

पुलिस अधिकारियों ने अब तक 180 संभावित पीड़िताओं की पहचान की है. विशेष रूप से पीड़ितों की पहचान करने वाले अधिकारी काजी के डिवाइस से मिले यूजरनेम और दूसरे डेटा की मदद से उन लड़कियों का पता लगाने में जुटे हैं, जिन्हें उसने निशाना बनाया था.

चेशायर पुलिस ने 13 नवंबर को जारी अपने बयान में कहा, “इसके परिणामस्वरूप, ब्रिटेन के 45 पुलिस बलों में से 28 के अधिकार क्षेत्र में आने वाले इलाकों में 70 पीड़िताओं की पहचान की गई. जब काजी ने ये अपराध किए थे, उस समय इनकी उम्र 11 से 17 साल के बीच थी.”

इस मामले में सबसे कम उम्र की पीड़िता 11 साल की है.

पहचान होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने सभी 70 पीड़िताओं के घर जाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें बिलाल काजी के अपराधों के बारे में अपने अनुभव बताने का मौका दिया.

क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस ने कहा, “जब लड़कियों ने और तस्वीरें और वीडियो भेजने से मना कर दिया, तो उसने उन्हें ये तस्वीरें दूसरों के साथ साझा करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया. एक मामले में उसने एक वीडियो ऑनलाइन पोस्ट कर दिया, जिसे 93 लोगों ने देखा.”

जब चेशायर पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की, तब तक काजी का नाम यौन अपराधियों के रजिस्टर में दर्ज हो चुका था. इसके अलावा, कुछ अपराधों को अंजाम देते समय उस पर यौन जोखिम से जुड़ा एक आदेश (Sexual Risk Order) भी लागू था.

जांच में पता चला कि काजी अपनी पीड़िताओं को निशाना बनाने के लिए एक ही तरीके का इस्तेमाल करता था. चेशायर पुलिस ने कहा, “वह स्नैपचैट, रोब्लॉक्स और विंक समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लड़कियों से संपर्क करता था. वह खुद को रीस नाम का एक गोरा ब्रिटिश किशोर लड़का बताता था. एक अज्ञात लड़के की तस्वीरों का इस्तेमाल करके वह जल्द ही लड़कियों को इस बात का यकीन दिला देता था कि वे उसके साथ सच्चे रिश्ते में हैं.”

जांच में यह भी पता चला कि लड़कियों का भरोसा जीतने के बाद काजी उनसे अश्लील तस्वीरें और वीडियो मांगना शुरू कर देता था.

“वह कम उम्र की लड़कियों को यह यकीन दिलाता था कि इस तरह की तस्वीरें और वीडियो साझा करना किसी रिश्ते का सामान्य हिस्सा है. जल्द ही उसकी मांगें बढ़ने लगती थीं और वह पीड़िताओं पर खुद के यौन गतिविधियां करते हुए वीडियो बनाने का दबाव डालता था.”

जब पीड़िताएं उसकी बात मानने से मना कर देती थीं, तो “काजी उन्हें पहले भेजी गई तस्वीरें और वीडियो दूसरों के साथ साझा करने की धमकी देता था.”

चेशायर पुलिस ने कहा कि इन धमकियों की वजह से पीड़िताएं डर जाती थीं और दबाव महसूस करती थीं. उनमें से कुछ डर के कारण उसके साथ बातचीत जारी रखती थीं.

पुलिस ने आगे कहा, “कुछ मामलों में काजी एक साल से ज्यादा समय तक पीड़िताओं के संपर्क में रहा. इस दौरान वह उन्हें धोखा देकर यह यकीन दिलाता रहा कि वे किसी दूसरे व्यक्ति के साथ रिश्ते में हैं.”

चेशायर कॉन्स्टेबुलरी की OCAIT जांच के तहत, काज़ी पर अगस्त 2021 से अगस्त 2025 के बीच किए गए अपराधों के लिए कुल 39 आरोप लगाए गए. उसने 37 आरोपों में अपना जुर्म कबूल कर लिया, जबकि दो आरोपों को फाइल पर ही छोड़ दिया गया.

इसके अलावा, चेशायर मामले में पुलिस ज़मानत पर रहने के दौरान किए गए आठ और अपराधों के लिए वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने भी उस पर आरोप लगाए. इन अपराधों को उसकी कुल सज़ा का हिस्सा माना गया. इन आरोपों में 13-15 साल के बच्चे के साथ यौन संबंध बनाना, ब्लैकमेल करना और बच्चों की अश्लील तस्वीरें बनाना शामिल है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: ढाका में चीनी व्लॉगर्स का खेल, भारत के खिलाफ साजिश नहीं बल्कि कमाई का जरिया


 

share & View comments