लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश राज्य फॉरेंसिक विज्ञान संस्थान, लखनऊ के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है. वह अब एक साल या शासन के अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, इस पद पर बने रहेंगे. शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किया गया.
अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी डॉ. गोस्वामी की निदेशक पद पर दोबारा नियुक्ति को राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है. उनकी सेवा की शर्तें पहले की तरह ही रहेंगी.
डॉ. जीके गोस्वामी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं. आगे इस क्षेत्र को और मजबूत करने के साथ-साथ इसमें नए प्रयोगों और नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा.
डॉ. गोस्वामी 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. उन्हें 13 नवंबर 2025 को जारी आदेश के तहत संस्थान का निदेशक नियुक्त किया गया था. उस समय उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से अधिकतम एक साल या शासन के अगले आदेश तक के लिए की गई थी.
अब शासन ने उसी नियुक्ति के क्रम में उन्हें एक साल के लिए फिर से निदेशक की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया है.