देहरादून: संघर्ष से सफलता का रास्ता कैसे तय किया जाता है और चुनौतियों को स्वीकार कर उन पर जीत कैसे हासिल की जाती है, इसकी सीख प्रवासी उत्तराखंडियों ने युवाओं को दी. प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के तीसरे सत्र में देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों ने अपनी संघर्ष की कहानियां सुनाईं. उनके अनुभवों ने युवाओं को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया.
सम्मेलन का दूसरा सत्र जहां तकनीकी विषयों पर केंद्रित था, वहीं तीसरे सत्र में जीवन के अनुभवों और संघर्षों पर चर्चा हुई. चमोली के थराली इलाके के एक सामान्य परिवार से निकलकर कैंब्रिज तक पहुंचे वैज्ञानिक डॉ. भगवती प्रसाद जोशी ने अपनी संघर्ष यात्रा के अलग-अलग पड़ावों के बारे में बताया. भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जोशी ने कहा कि इस समय दुनिया में बड़े बदलाव हो रहे हैं. युवाओं को नए-नए तकनीकी क्षेत्रों में उत्साह के साथ काम करना चाहिए.
उत्तराखंड की सबसे कम उम्र की जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने दिल्ली में उच्च शिक्षा हासिल की, लेकिन बाद में अपना रुख वापस उत्तराखंड की ओर किया और टिहरी पहुंच गईं. स्थानीय निकाय की राजनीति में सक्रिय इशिता ने अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने युवाओं से कहा कि वे खुद को चुनौती दें और ठोस काम करके दिखाएं. उन्हें अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलना चाहिए.
अपनी आईटी कंपनी के जरिए पिथौरागढ़ जैसे सीमावर्ती इलाके में शिक्षा और दूसरे क्षेत्रों में काम कर रहे जितेंद्र हनेरू ने भी अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे पढ़ाई के दौरान ही अपने स्टार्टअप पर काम करना शुरू कर दें. अपने प्रयासों में सफलता या असफलता की चिंता बिल्कुल न करें.
इस सत्र में प्रमुख उद्यमी राजेश राणा ने भी अपनी संघर्ष और सफलता की कहानी सुनाई. टिहरी के सेम मुखेम से निकलकर कई देशों में अपना कारोबार फैलाने वाले राजेश राणा ने युवाओं को संदेश दिया कि उन्हें हालात के हिसाब से खुद को ढालना चाहिए. अगर शुरुआत में छोटा काम भी मिले, तो उसे करने में हिचकना नहीं चाहिए.
टेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनी चलाने वाले पुरोला के सेवक नौटियाल ने भी अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने अपना कारोबार देश-दुनिया तक फैलाया है. उन्होंने कहा कि युवा उद्यमिता को अपनाकर अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं.
‘बालिका वधू’ सीरियल से पहचान बनाने वाली अल्मोड़ा की रूप दुर्गापाल ने बताया कि वह पहले इंजीनियरिंग की नौकरी कर रही थीं, लेकिन जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आया कि वह मुंबई पहुंच गईं. उन्होंने कहा कि करियर को लेकर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच खुलकर बातचीत होनी चाहिए.
लोक कलाकार कविलास नेगी ने गीतों के महत्व पर बात की और अपना प्रसिद्ध गीत ‘पाड़ी पाड़ी मत बोलो’ सुनाया. वहीं, प्रसिद्ध उद्यमी शैलेश उप्रेती का रिकॉर्ड किया गया वीडियो भी सत्र में दिखाया गया. इसमें उन्होंने राज्य सरकार से दून विश्वविद्यालय में बैटरी इनोवेशन सेंटर बनाने के प्रस्ताव पर ध्यान देने की अपील की.
इस सत्र का संचालन दून विश्वविद्यालय के प्रो. हर्ष डोभाल ने किया. उत्तराखंडी प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश भट्ट ने चर्चा में शामिल अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया.