scorecardresearch
Tuesday, 24 November, 2026
होममत-विमतराहुल गांधी भारत को हमेशा गलत तरीके से पेश करते हैं, उन्हें नेहरू की विदेश नीति को समझना चाहिए

राहुल गांधी भारत को हमेशा गलत तरीके से पेश करते हैं, उन्हें नेहरू की विदेश नीति को समझना चाहिए

एपीईसी की स्थापना 1989 में हुई थी. उस समय भारत के प्रधानमंत्री राजीव गांधी थे. तो क्या राहुल गांधी के ट्वीट में जिस ‘समझौता करने वाले प्रधानमंत्री’ की बात कही गई है, वह उनके पिता ही हैं?

Text Size:

एक संस्कृत सुभाषित में कहा गया है कि कुछ बातों को गुप्त रखना चाहिए और उनके बारे में सार्वजनिक रूप से बात नहीं करनी चाहिए. इनमें उम्र, धन, मंत्र, घर की परेशानियां, यौन संबंध, दवा, अपमान, तपस्या और दान शामिल हैं.

आयुर्वित्तं गृहच्छिद्रं मन्त्रमैथुनभेषजम्।
अपमानं तपो दानं नव गोप्यानि यत्नतः॥

हमारे पहले के ‘युवा आइकन’ राहुल गांधी को, भले ही अब उन्हें अपनी ‘हिंदू जड़ों’ से नया प्यार हो गया है, इस जीवन दर्शन का आधार बनने वाले प्राचीन ग्रंथों को पढ़ने के लिए कुछ समय जरूर निकालना चाहिए. शायद ऐसा करने के बाद वह उन बातों को सार्वजनिक रूप से कहने से बचेंगे, जिन्हें पश्चिमी देशों में ‘घर की गंदी बातें बाहर लाना’ कहा जाता है.

मैं उनकी माताजी सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के मौके पर की गई उस बेहद शर्मनाक गलती की बात नहीं कर रही हूं, जिसका अब इंस्टाग्राम और एक्स पर मीम बन चुका है. न ही मैं उनकी अपरिपक्वता की बात कर रही हूं.

बल्कि मैं भारत को हमेशा गलत तरीके से पेश करने की गांधी की आदत की बात कर रही हूं. वह न जाने किससे अपनी बातों की पुष्टि चाहते हैं, खासकर उन जगहों पर जिन्हें कथित तौर पर ‘बौद्धिक’ माना जाता है.

पिछले हफ्ते अपने लेख में मैंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से उनके उस बयान का जवाब दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत आर्थिक संकट का सामना कर रहा है. 19 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत के दौरान गांधी ने एक बार फिर गलत जानकारी देते हुए भारत को दुनिया के मामलों में एक ‘छोटा खिलाड़ी’ बताया. उन्होंने अपनी बात के समर्थन में पाकिस्तान की उस भूमिका का उदाहरण दिया, जिसमें वह अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में शामिल था, जबकि भारत किनारे बैठकर सिर्फ ‘देख’ रहा था.

गांधी ने कहा, “आपको सच में लगता है कि भू-राजनीति इसलिए काम करेगी क्योंकि वह व्यक्ति आपका दोस्त है?”

मैं गांधी को याद दिलाना चाहूंगी कि जून 2026 में ट्रंप के साथ बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही युद्धविराम कराने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की बात रखी थी. ईरान के राष्ट्रपति ने भी युद्ध खत्म कराने में भारत से मदद मांगने के लिए मोदी से संपर्क किया है.

20 नवंबर को गांधी ने एक्स पर शेनझेन एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप, शी और पुतिन की एक तस्वीर साझा की. इसके साथ उन्होंने लिखा, “अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत के प्रधानमंत्री इस मेज पर बैठे होते. समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता.”

मैं गांधी की रचनात्मक व्याख्या से तथ्यों को अलग करने में खुशी महसूस करूंगी.

यह एपीईसी (एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन) की बैठक थी. यह नवंबर 1989 में बना एक सहयोगी और कई देशों वाला व्यापार मंच है. इसके 12 संस्थापक सदस्य प्रशांत महासागर के आसपास के देशों से थे और उनके बीच व्यापारिक संबंध काफी मजबूत थे. 1989 में भारत की अर्थव्यवस्था बंद थी और देश की कमान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के हाथों में थी. राहुल के ‘डैडी जी’ किसी भी मुक्त व्यापार मंच में शामिल होने के इच्छुक नहीं थे क्योंकि ऐसे मंच में भारत पर अपनी अर्थव्यवस्था को दुनिया के लिए खोलने का दबाव पड़ता. गांधी परिवार के इस वारिस को ये तथ्य जांच लेने चाहिए. ये सभी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं. चूंकि राजीव दिसंबर 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री थे, तो क्या राहुल के ट्वीट में जिस ‘समझौता करने वाले प्रधानमंत्री’ की बात कही गई है, वह उनके पिता ही हैं?

भारत की कोशिशों के बावजूद 1998 के बाद से एपीईसी में कोई नया सदस्य शामिल नहीं किया गया है. आई.के. गुजराल के नेतृत्व वाली संयुक्त मोर्चा सरकार, जिसे कांग्रेस ने बाहर से समर्थन दिया था, 1998 तक सत्ता में रही. जब तक बीजेपी के अटल बिहारी वाजपेयी सत्ता में आए, तब तक भारत एपीईसी में शामिल होने का मौका गंवा चुका था. मैं फिर पूछती हूं, क्या गांधी जूनियर अपने पिता गांधी सीनियर को ही ‘समझौता करने वाला प्रधानमंत्री’ बता रहे हैं?

अमेरिका ने प्रस्ताव दिया, नेहरू ने ठुकरा दिया

1945 में दुनिया की तत्कालीन भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए भारत संयुक्त राष्ट्र का संस्थापक सदस्य था और उसने 26 जून 1945 को संयुक्त राष्ट्र चार्टर पर हस्ताक्षर किए थे. दूसरे विश्व युद्ध के बाद ताकत और सैन्य स्थिति को ध्यान में रखकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की पांच स्थायी सीटें तय की गई थीं. ब्रिटेन, अमेरिका, जर्मनी, सोवियत संघ और चीन गणराज्य को स्थायी सीटें दी गई थीं. ब्रिटेन के उपनिवेश होने के कारण भारत के पास संप्रभु देश का दर्जा नहीं था. इसलिए वह इसमें कोई बड़ी भूमिका नहीं निभा सकता था. इन पांच स्थायी सदस्यों को दुनिया की प्रमुख शक्तियां माना गया था. यह माना गया था कि युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन देशों की भागीदारी जरूरी है.

हालांकि, अगस्त 1950 में अमेरिका ने इस संभावना पर विचार किया कि सुरक्षा परिषद में चीन गणराज्य की जगह भारत को स्थायी सदस्य बना दिया जाए.

शीत युद्ध और 1949 में चीन में कम्युनिस्टों की जीत से एशिया की भू-राजनीतिक स्थिति बदल गई थी. अमेरिका को एशिया में कम्युनिस्ट प्रभाव बढ़ने की चिंता थी. भारत की लोकतांत्रिक सरकार और रणनीतिक स्थिति को देखते हुए उसे इस प्रभाव को रोकने के लिए एक उपयोगी देश के रूप में देखा जा रहा था. प्रोफेसर एंटन हार्डर के शोध पत्र ‘चीन की कीमत पर नहीं: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में नेहरू को शामिल करने के अमेरिकी प्रस्तावों से जुड़े नए सबूत’ से जवाहरलाल नेहरू के फैसलों के बारे में कुछ जानकारी मिलती है.

अमेरिका में भारत की राजदूत और नेहरू की बहन विजयलक्ष्मी पंडित ने नेहरू को बताया कि अमेरिकी अधिकारियों जॉन फोस्टर डलेस और फिलिप जेसप ने चीन को उसकी स्थायी सीट से हटाकर उसकी जगह भारत को रखने की संभावना पर चर्चा की थी. नेहरू ने इस प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया. 19 जुलाई 1950 को उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री डीन एचेसन को पत्र लिखकर कहा कि भारत की नीति संयुक्त राष्ट्र का समर्थन करने की है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए चीन की नई सरकार को संयुक्त राष्ट्र में जगह देना जरूरी है. उनका तर्क था कि कम्युनिस्ट सरकार होने के बावजूद चीन एक बड़ा देश है और उसे अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था में जगह मिलनी चाहिए.

नेहरू के इस फैसले से भारत को ही नुकसान हुआ. उनका ‘हिंदी-चीनी भाई-भाई’ का नारा कौन भूल सकता है? इसके बाद क्या हुआ, यह देश की हर सीबीएसई इतिहास की किताब में दर्ज है. क्या यह भी समझौता करना नहीं था?

भारत और संयुक्त राष्ट्र का मामला, एक बार फिर

22 जून 1955 को नेहरू ने मॉस्को में सोवियत नेताओं निकोलाई बुल्गानिन और निकिता ख्रुश्चेव से मुलाकात की. इस बैठक का ब्योरा नेहरू आर्काइव में मौजूद है और इससे कई अहम बातें सामने आती हैं. बुल्गानिन ने नेहरू को बताया कि सोवियत संघ बाद में सुरक्षा परिषद में भारत को छठा स्थायी सदस्य बनाने का प्रस्ताव रखने पर विचार कर रहा है. इस तरह भारत की अपनी अलग सीट होती और यह चीन से अलग होती.

नेहरू नहीं चाहते थे कि भारत चीन की जगह ले. वह नहीं चाहते थे कि भारत खुद आगे बढ़कर ऐसी जगह मांगे, जिससे कूटनीतिक मुश्किलें खड़ी हो सकती थीं. उनका मानना था कि पहले संयुक्त राष्ट्र में चीन को प्रतिनिधित्व देने का मामला सुलझाया जाना चाहिए. उन्हें संयुक्त राष्ट्र चार्टर में बदलाव करने का यह सही समय नहीं लगा. बुल्गानिन ने उनकी बात से सहमति जताई.

राहुल गांधी को पश्चिमी देशों के मंच से गैर-जिम्मेदाराना बयान देने से पहले अपने परदादा के विचार पढ़ने चाहिए.

क्या भारत अंतरराष्ट्रीय मामलों में छोटा खिलाड़ी है?

2014 में सत्ता में आने के बाद से मोदी सरकार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में स्थायी सदस्यता पाने के लिए भारत की कोशिशों को लगातार आगे बढ़ा रही है. यह मांग पहले से उठती रही है, लेकिन मौजूदा सरकार ने लगातार कूटनीतिक कोशिशों के जरिए इसे और आगे बढ़ाया है. 2015 में मोदी ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार की मांग को आगे बढ़ाने के लिए जी-4 देशों के नेताओं यानी ब्राजील, जर्मनी और जापान के साथ बैठक की. अमेरिका ने 2015 में साफ तौर पर भारत की दावेदारी का समर्थन किया और 2023 में भी अपना समर्थन दोहराया. रूस ने भी उसी साल भारत का समर्थन किया. भारत जी-4, एल-69 और संयुक्त राष्ट्र में सुधार को लेकर होने वाली बातचीत के जरिए लगातार अपनी कोशिशें कर रहा है. 2023 में जी-4 ने छह अतिरिक्त स्थायी सीटें बनाने का प्रस्ताव दिया था.

भारत को अभी तक यह सीट नहीं मिली है, लेकिन यह कहना कि भारत में एक ‘समझौता करने वाले प्रधानमंत्री’ हैं, जिन्होंने इसके लिए कोई कोशिश नहीं की, सरासर गलत है.

नवंबर 2026 की घटनाओं का सिलसिला इस आरोप का साफ जवाब देता है कि भारत दुनिया के मामलों में ‘छोटा खिलाड़ी’ बन गया है. 16 नवंबर को भारत संयुक्त राष्ट्र में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहा था और कई देशों के बीच सहयोग तथा बदलती अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था पर चर्चा में शामिल था. 17 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी कई अहम कूटनीतिक बैठकों के लिए मनीला में थे. इनमें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और क्वाड नेताओं का शिखर सम्मेलन शामिल था. इन बैठकों के जरिए भारत को हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री सहयोग, तकनीक और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर दुनिया की कुछ सबसे प्रभावशाली शक्तियों के साथ रणनीतिक बातचीत करने का मौका मिला.

19 नवंबर को गांधी ने भारत को अंतरराष्ट्रीय मामलों में ‘छोटा खिलाड़ी’ बताया, लेकिन असल में भारत कई मंचों पर लगातार कूटनीतिक बातचीत में हिस्सा लेकर इसका बिल्कुल उलट साबित कर रहा था.

20 नवंबर को नई दिल्ली में एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच की मेजबानी की गई. इसमें भारत की सभ्यतागत विरासत और बौद्धिक परंपराओं को आज के दौर की कई देशों के बीच होने वाली बातचीत का हिस्सा बनाया गया. घटनाओं का यह सिलसिला भारत को कूटनीतिक रूप से अलग-थलग बताए जाने वाली बात से मेल नहीं खाता. दुनिया में किसी देश का प्रभाव इस बात से नहीं मापा जा सकता कि वह किसी एक खास अंतरराष्ट्रीय बातचीत में शामिल है या नहीं. इसके बजाय यह देखा जाना चाहिए कि उस देश के कितने देशों के साथ संबंध हैं, वह कितने देशों को एक मंच पर ला सकता है, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में उसका कितना योगदान है और अलग-अलग भू-राजनीतिक समूहों के बीच होने वाली चर्चाओं को दिशा देने की उसकी कितनी क्षमता है. इनमें जी-20, ब्रिक्स, ग्लोबल साउथ समिट और बिम्सटेक जैसे मंच शामिल हैं.

प्रधानमंत्री बनने की तैयारी में ‘समझौता करने वाले’ नेता?

पाकिस्तान ने कई बार गांधी के बयानों का इस्तेमाल अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए किया है. अगस्त 2019 में पाकिस्तान की तत्कालीन मानवाधिकार मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र को लिखे एक पत्र में जम्मू-कश्मीर पर गांधी के बयानों का हवाला दिया था. बाद में इन बयानों को पाकिस्तान के दस्तावेज़ में भी शामिल किया गया. फरवरी 2022 में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने संसद में गांधी की उस आलोचना का जिक्र किया था, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान और चीन को लेकर मोदी सरकार की नीति पर सवाल उठाए थे. मई 2024 में पाकिस्तान के मंत्री फवाद हुसैन ने खुले तौर पर गांधी के चुनावी भाषणों को बढ़ावा दिया और उनके राजनीतिक संदेशों का समर्थन किया. जून 2025 में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने मोदी की आलोचना करते हुए गांधी के बयानों का खुले तौर पर जिक्र किया. उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) की टिप्पणियों का इस्तेमाल पाकिस्तान के इस दावे को मजबूत करने के लिए किया कि भारत को युद्धविराम के लिए मजबूर होना पड़ा था और हाल ही में ‘छोटा खिलाड़ी’ वाली टिप्पणी के बाद पाकिस्तान के अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने गांधी के बयान को प्रमुखता से छापा और इसे भारत के घटते भू-राजनीतिक प्रभाव का सबूत बताया.

एक सवाल का जवाब अब भी नहीं मिला है: गांधी के इस विचार के पीछे कौन है या क्या है? विदेश राज्य मंत्री के रूप में काम करने के कारण मुझे भू-राजनीति की थोड़ी समझ है. मेरा मानना है कि गांधी बेतरतीब बयान नहीं दे रहे हैं, बल्कि शायद अपने परिवार के सदस्यों की किसी दूसरी सच्चाई को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं. मुझे हैरानी होती है कि जिन विषयों पर उनके काम की जांच होनी चाहिए, उन्हीं विषयों पर उन्हें विशेषज्ञ कैसे माना जाता है. वह परिवारवाद की देन हैं या समझौता करने वाले विपक्ष के नेता, इस पर अभी फैसला होना बाकी है.

अपनी शुरुआती बात पर लौटते हुए, ‘घर का भेदी लंका ढाए’. जो व्यक्ति अपने परिवार की निजी बातें दूसरों के सामने रखने में कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाता, उससे यह उम्मीद करना मुश्किल है कि वह अपने देश की गरिमा बनाए रखेगा.

मीनाक्षी लेखी बीजेपी लीडर, वकील और सोशल एक्टिविस्ट हैं. उनका एक्स हैंडल @M_Lekhi है. विचार व्यक्तिगत हैं.

(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: राहुल गांधी और उनके साथियों को विरोध में समय गंवाने के बजाय वोटर लिस्ट की जांच करनी चाहिए


 

share & View comments