scorecardresearch
Tuesday, 24 November, 2026
होममत-विमतहसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में बढ़ी हिंसा, तारिक रहमान पर जुलाई चार्टर लागू करने का दबाव

हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में बढ़ी हिंसा, तारिक रहमान पर जुलाई चार्टर लागू करने का दबाव

पिछले एक हफ्ते में ही गोपालगंज, चटगांव, ढाका, सिलहट, नारायणगंज, राजशाही, जशोर, बरिशाल, बागेरहाट और पीरोजपुर में झड़पों, लूटपाट और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं.

Text Size:

ढाका के राजनीतिक गलियारों में एक मशहूर कहावत है कि अगर आप रानी को नहीं बदल सकते, तो खुद को बदल लीजिए. खालिदा जिया की मौत के बाद अब सिर्फ एक पूर्व रानी या बेगम बची हैं, जो आलोचकों के सामने झुकने को तैयार नहीं हैं. हालांकि, वह अब भी भारत में निर्वासन में रह रही हैं. शेख हसीना का दिसंबर में अपने देश लौटने का फैसला नहीं बदल रहा है. वहीं, बांग्लादेश में राजनीतिक अशांति तेज़ी से फैल रही है और इससे उनकी सरकार की परीक्षा हो रही है. ऐसे में प्रधानमंत्री तारिक रहमान को इस संकट से बाहर निकलने के लिए सभी बड़ी राजनीतिक पार्टियों को एक साथ लाना होगा.

लेकिन ऐसा करने के लिए उन्हें अपना रुख बदलना पड़ सकता है और विपक्ष की सबसे बड़ी मांग माननी पड़ सकती है. यह मांग है जुलाई नेशनल चार्टर लागू करने की.

असंतोष का सर्द मौसम

बांग्लादेश में इस समय विरोध प्रदर्शनों का दौर चल रहा है. तीन नवंबर को बीबीसी ने खबर दी कि ज्यादा वेतन की मांग को लेकर कई दिनों तक चले मजदूरों के विरोध प्रदर्शन के बाद बांग्लादेश की सैकड़ों कपड़ा फैक्ट्रियां बंद करने के लिए मजबूर हो गईं. रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका में कपड़ा फैक्ट्रियों के मजदूरों ने सड़कें जाम कर दीं, फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ की और गाड़ियों में आग लगा दी.

रिपोर्ट में कहा गया, “उन्होंने पुलिस के साथ भी झड़प की. पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े. बाद में पुलिस ने बताया कि दर्जनों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है. मजदूर हर महीने कम से कम 30,000 टका वेतन की मांग कर रहे हैं, जो मौजूदा तय वेतन से दोगुने से भी ज्यादा है. उन्होंने इसकी वजह बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा की चीज़ों की बढ़ती कीमतों को बताया.”

कपड़ा फैक्ट्री के मजदूरों के विरोध प्रदर्शन से पहले ऑटो-रिक्शा चालकों ने भी प्रदर्शन किया था. अक्टूबर में बैटरी से चलने वाले ऑटो-रिक्शा चालकों ने राजधानी ढाका की कई सड़कों को जाम कर दिया था. वे अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों को रोकने और मुख्य सड़कों पर ऑटो-रिक्शा चलाने की इज़ाज़त देने की मांग कर रहे थे. स्थानीय खबरों के मुताबिक, इन प्रदर्शनों के कारण सुबह और शाम के व्यस्त समय में सड़कों पर भारी जाम लग गया था. वहीं, ढाका के धनमंडी, मोहम्मदपुर, बसीला और दूसरे इलाकों में ऑटो-रिक्शा की कमी के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई.

बांग्लादेश के राजनीतिक पत्रकार साहिदुल हसन खोकोन ने दिप्रिंट से कहा कि इन विरोध प्रदर्शनों की सबसे बड़ी वजह तारिक रहमान सरकार का आम लोगों की आर्थिक परेशानियों को दूर करने में नाकाम रहना है.

खोकोन ने कहा, “अर्थव्यवस्था को ठीक करने के बजाय सरकार ने देश में अस्थिरता फैलाने के लिए अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया. रहमान सरकार हर बार खतरे की बात कहकर लोगों को डराती रही और अब वही खतरा सामने आ गया है.” उनका इशारा अवामी लीग के मौजूदा विरोध प्रदर्शनों की ओर था, जिनमें हिंसा भी हुई है.

शेख हसीना के दिसंबर में लौटने की तैयारी और अवामी लीग के आंदोलन के बीच, पार्टी ने 19 नवंबर को देशव्यापी बंद का आह्वान भी किया था. इस दौरान बांग्लादेश के हर हिस्से में राजनीतिक हिंसा में बेमिसाल बढ़ोतरी देखने को मिली. पिछले एक हफ्ते में ही गोपालगंज, चटगांव, ढाका, सिलहट, नारायणगंज, राजशाही, जशोर, बरिशाल, बागेरहाट और पीरोजपुर में झड़पों, लूटपाट और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं.

17 नवंबर को अवामी लीग और उसके छात्र संगठन छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने गोपालगंज में तुंगीपाड़ा पुलिस थाने में घुसकर आग लगा दी. यह घटना पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद हुई. खबरों के मुताबिक, हमलावरों ने हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ा लिया और थाने से हथियार भी लूट लिए. गोपालगंज-3 सीट से बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के सांसद एसएम जिलानी के घर में भी आग लगा दी गई.

चटगांव के पंचलैश इलाके में पूर्व अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी गई. यूनुस की ओर से शुरू किए गए ग्रामीण बैंक ने एक बयान जारी कर कहा कि पिछले कुछ दिनों में उसकी 22 शाखाओं पर आगजनी के हमले हुए हैं.

लेकिन 22 नवंबर को सुबह करीब 3 बजे खगराछड़ी में ढाका यूनिवर्सिटी सेंट्रल स्टूडेंट्स यूनियन के उपाध्यक्ष और जमात-ए-इस्लामी की ओर से ढाका साउथ सिटी कॉरपोरेशन के मेयर पद के उम्मीदवार अबू सादिक कायम के गांव वाले घर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया और आग लगा दी गई. इस घटना के बाद तारिक रहमान को कड़ी चेतावनी मिली. यह चेतावनी किसी और ने नहीं, बल्कि बांग्लादेश के विपक्ष के नेता और देश की सबसे बड़ी इस्लामी पार्टी बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख डॉ. शफीकुर रहमान ने दी.

शफीकुर रहमान ने एक्स पर लिखा, “गृह मंत्रालय की पूरी तरह से निष्क्रियता और इस मामले में उसकी उदासीनता इसके लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार है. अगर सरकार इस मामले में अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहती है, तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. अब चुप रहने की कोई गुंजाइश नहीं है.”

हिंसक विरोध प्रदर्शन थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं. ऐसे में लगता है कि तारिक रहमान के पास अब समय कम बचा है. प्रधानमंत्री को इस समय सभी राजनीतिक पार्टियों को एक साथ लाने की जरूरत है, ताकि दिसंबर में हसीना की प्रस्तावित वापसी से पहले देश में फैली राजनीतिक हिंसा की समस्या से निपटा जा सके.

दिसंबर की समस्या का जुलाई में समाधान

शेख हसीना के मुद्दे पर बांग्लादेश की बड़ी राजनीतिक पार्टियों के बीच कम से कम सार्वजनिक तौर पर एक सहमति रही है. यह कि अब बांग्लादेश की राजनीति में उनके लिए कोई जगह नहीं है. लेकिन अब इसके साथ एक शर्त भी जुड़ गई है. वह यह कि रहमान को जुलाई चार्टर लागू करना होगा. जमात-ए-इस्लामी के महासचिव मिया गोलाम परवार ने घोषणा की है कि अगर सरकार जनमत संग्रह के नतीजे को स्वीकार कर जुलाई नेशनल चार्टर लागू करती है, तो उनकी पार्टी अवामी लीग की हिंसा और दबदबे के खिलाफ दूसरी ताकतों के साथ सड़कों पर उतरेगी.

परवार ने कहा कि जुलाई नेशनल चार्टर ही वह मुख्य आधार था, जिसने 2024 के जुलाई विद्रोह के दौरान बांग्लादेश की राजनीतिक पार्टियों और लोगों को एक साथ जोड़ा था. इस विद्रोह का मकसद मौजूदा सरकारी व्यवस्था को खत्म करना और शासन चलाने का नया तरीका बनाना था. उन्होंने यह भी कहा कि जनमत संग्रह में करीब 70 फीसदी मतदाताओं ने जुलाई नेशनल चार्टर का समर्थन किया था.

सिर्फ जमात-ए-इस्लामी ही नहीं, बल्कि उसके नेतृत्व वाले 11 पार्टियों के गठबंधन ने भी कहा है कि वह अवामी लीग की ओर से “तोड़फोड़ और आपराधिक गतिविधियों” का विरोध करने के लिए सड़कों पर बना रहेगा.

बांग्लादेश खेलाफत मजलिस के प्रमुख मामुनुल हक ने कहा, “हम देश को एकता का मजबूत संदेश देना चाहते हैं. हमें इन हारी हुई फासीवादी ताकतों और उनका दबदबा बनाए रखने वाली शक्तियों के एजेंटों का हर कीमत पर विरोध करना होगा.” हालांकि, हक ने यह भी कहा कि जुलाई चार्टर और जनमत संग्रह के नतीजे लागू नहीं होने की वजह से राजनीतिक ताकतों के बीच मतभेद बढ़े हैं. अब इसे ठीक करना जरूरी है.

विपक्ष ने बीएनपी सरकार पर जुलाई चार्टर को लागू करने में देरी करने का आरोप लगाया है. 12 फरवरी 2026 को हुए जनमत संग्रह में 62 फीसदी से ज्यादा लोगों ने इन सुधारों का समर्थन किया था.

लेकिन अब तारिक रहमान के पास शायद राजनीतिक सुधारों के इस ढांचे को अपनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है. इससे बांग्लादेश के संविधान, चुनावी व्यवस्था और सरकारी संस्थाओं में बदलाव होंगे. इसके तहत अपने या भविष्य में आने वाले किसी भी प्रधानमंत्री के कार्यकाल की सीमा 10 साल तय करने का फैसला भी शामिल है.

दीप हलदर एक लेखक और दिप्रिंट में कंट्रीब्यूटिंग एडिटर हैं. उनका एक्स हैंडल @deepscribble है. यह लेख उनके निजी विचार हैं.

(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में पायलट की मौत के लिए R&AW पर आरोप क्यों? सेना के भीतर की दरारें हैं असली मुद्दा


 

share & View comments