scorecardresearch
Friday, 14 August, 2026
होमदेशयुवा कांग्रेस ने ‘पंजा’ के आधार पर आंदोलन का संकल्प लिया

युवा कांग्रेस ने ‘पंजा’ के आधार पर आंदोलन का संकल्प लिया

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 अगस्त (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने फैसला किया है कि वह युवाओं के पांच अधिकारों ‘पढ़ाई, अवसर, न्याय, जवाबदेही और आजादी’ (पंजा) को रूपरेखा बनाकर आगे आंदोलन करेगी।

युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्ताव पारित कर यह फैसला किया गया। यह बैठक 11 से 13 अगस्त तक महाराष्ट्र सदन में हुई।

प्रस्ताव में कहा गया है कि ‘पंजा’ केवल घोषणा नहीं, बल्कि एक आंदोलन बनेगा।

युवा कांग्रेस ने कहा कि ‘पंजा’ के तहत पढ़ाई, अवसर, न्याय, जवाबदेही और आजादी को लेकर देशभर के युवाओं के अधिकारों, आकांक्षाओं और सपनों के लिए संघर्ष किया जाएगा।

‘पंजा’ कांग्रेस का चुनाव चिन्ह भी है।

राजनीतिक प्रस्ताव में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और हर राज्य, जिले, विधानसभा क्षेत्र, ब्लॉक तथा समुदाय तक पहुंच बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। वहीं, ‘प्रतिरोध’ के तहत अन्याय, बेरोजगारी, छात्रों पर हमलों और युवाओं की आवाज दबाने के प्रयासों के खिलाफ संघर्ष करने की बात कही गई है।

युवा कांग्रेस ने 20 जुलाई को शांतिपूर्ण छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पद से हटाने की मांग दोहराई। संगठन ने इस घटना के लिए जवाबदेही तय करने को लेकर देशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन चलाने का संकल्प लिया है।

प्रस्ताव में शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए राष्ट्रीय आंदोलन खड़ा करने और निष्पक्ष, सुलभ, पारदर्शी तथा जवाबदेह शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली की मांग की गई है।

युवा कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जरिए छात्रों की आवाज को संगठित करने और नौकरियों, न्याय तथा जवाबदेही के लिए उनके व्यक्तिगत संघर्षों को व्यापक राष्ट्रीय आंदोलन में बदलने की घोषणा भी की है।

प्रस्ताव में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा को भी प्रमुख मुद्दा बनाया गया है। युवा कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने तथा सत्ता के केंद्रीकरण का आरोप लगाया।

भाषा हक हक दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments