scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशउप्र में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने पर यूसीसी लागू करेंगे : अमित शाह

उप्र में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने पर यूसीसी लागू करेंगे : अमित शाह

Text Size:

लखनऊ, 30 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का भरोसा जताते हुए शुक्रवार को दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार ‘अंगद के पांव’ की तरह है, जिसे कोई हिला नहीं सकता।

शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर यहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जरूर लागू की जाएगी।

शाह ने लखनऊ में भाजपा की उत्तर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए सदस्यों को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाने को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) की आलोचना की और दावा किया कि अगले 30 साल तक उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार नहीं बनेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद के पांव की तरह है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। प्रदेश में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है और कार्यकर्ताओं को इस बारे में किसी दुविधा में रहने की जरूरत नहीं है।’’

भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई की नयी कार्यसमिति के गठन के बाद उसकी पहली बैठक में शाह ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उन्हें अर्जुन की तरह केवल चिड़िया की आंख दिखाई देनी चाहिए, क्योंकि अब तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का समय है।

शाह ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद-370 समाप्त हो गया, तीन तलाक खत्म हो गया और कई राज्यों में यूसीसी लागू हो चुका है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनने के बाद यहां भी यूसीसी अवश्य लागू किया जाएगा।’’

समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले 30 साल तक सपा की सरकार नहीं बनेगी।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, शाह ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में 30 अक्टूबर का बड़ा योगदान है। इसी दिन 1990 में अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाकर सरकार ने सरयू नदी को खून से लाल कर दिया था।’’

उन्होंने सपा प्रमुख से सवाल करते हुए कहा, ‘‘मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आप किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं। आपने (सपा सरकार) रामभक्तों पर गोलियां चलाईं और हमने (भाजपा) राम मंदिर बना दिया।’’

शाह ने कहा, ‘‘अखिलेश बाबू, आप नोट कर लीजिए कि उत्तर प्रदेश में 30 साल तक आपकी सरकार नहीं बनेगी। आपकी तीसरी पीढ़ी को भी जनता माफ नहीं करेगी।’’

‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर लगातार सरकार को घेर रहे विपक्षी दलों को चुनौती देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘‘मैच हारने के बाद अंपायर पर आरोप लगाया जा रहा है कि वोट चोरी हुई। भाजपा संसद में चर्चा के लिए तैयार है। एक बार आइए, विशेष सत्र बुलाते हैं। हम एक-एक बात का जवाब देने को तैयार हैं। संसद में चर्चा कीजिए।’’

शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद डकैती, लूट, रंगदारी और दंगों की घटनाओं में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि एक समय अपराध के कारण उत्तर प्रदेश की ‘इन्वेस्टर्स समिट’ दिल्ली में आयोजित करनी पड़ती थी, जबकि आज आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह आयोजन प्रदेश में ही हो रहा है और यहां लाखों करोड़ रुपये का निवेश भी आ रहा है।

गृह मंत्री ने कहा कि सपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूरे कार्यकाल में जितने काम हुए, उनसे करीब 200 अधिक काम भाजपा ने पिछले 10 साल में किए हैं।

उन्होंने कहा कि सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री रहने का कीर्तिमान नरेन्द्र मोदी के नाम है।

शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में भाजपा की 240 सीटें हैं, जबकि 2014, 2019 और 2024 के तीनों चुनावों में कांग्रेस की कुल सीटें भी 240 नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा की कभी दो सीटें थीं, वह आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

नक्सलवाद के मुद्दे पर भी शाह ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस के नेता कहते थे कि देश नक्सलवाद से मुक्त नहीं हो सकता और हमें सह-अस्तित्व की आदत डाल लेनी चाहिए। लेकिन भाजपा का आतंकवादियों और नक्सलवादियों के साथ सह-अस्तित्व नहीं हो सकता। आज देश नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है।’’

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी तथा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र चौधरी और सूर्य प्रताप शाही सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

भाषा

आनन्द, सलीम, मनीष रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments