कोलकाता, 23 अप्रैल (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान अब तक शांतिपूर्ण रहा है। हालांकि, उन्होंने कुछ राज्यों से आ रही छिटपुट झड़पों के लिए निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज में तृणमूल कांग्रेस समर्थकों द्वारा भाजपा उम्मीदवार के साथ मारपीट किए जाने के आरोप पर कहा कि निर्वाचन आयोग और पुलिस पर्यवेक्षकों को अधिक सतर्क रहना चाहिए था।
सलीम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘बीरभूम और मुर्शिदाबाद के कुछ हिस्सों में मामूली हिंसा को छोड़कर मतदान अब तक कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। कुल मिलाकर, निर्वाचन आयोग की अक्षमता स्पष्ट नजर आती है।’
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हिंसा और उम्मीदवारों पर हमले की छिटपुट घटनाओं ने मतदान को बाधित किया, जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने प्रभावित क्षेत्रों से रिपोर्ट मांगी है।
राज्य में बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सुबह 11 बजे तक 41 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पहले चरण में, राज्य के 16 जिलों के 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान कराया जा रहा है। इस चरण में 167 महिलाएं सहित 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य विधानसभा में कुल 294 सीट हैं।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.