scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशउप्र: दिल्ली में प्रदर्शन के लिए 75 जिलों से कार्यकर्ता जुटाने में लगी कांग्रेस

उप्र: दिल्ली में प्रदर्शन के लिए 75 जिलों से कार्यकर्ता जुटाने में लगी कांग्रेस

Text Size:

लखनऊ, 30 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं के विरोध में एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में प्रदेश के सभी 75 जिलों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पार्टी की ओर से शुक्रवार को जारी एक बयान के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा के नेतृत्व में छह संगठनात्मक क्षेत्रों और सभी जिला इकाइयों को प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं को जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बयान के अनुसार, अभियान की निगरानी के लिए लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जो दिल्ली स्थित केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के साथ समन्वय कर रहा है।

कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में बैठकें की जा चुकी हैं। जिला स्तर पर भी प्रदर्शन में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए योजनाएं तैयार कर ली गई हैं।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि यह प्रदर्शन लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा के संकल्प का हिस्सा है।

उन्होंने कहा, ‘‘वोट बचाओ, देश बचाओ महज रैली का नारा नहीं है, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और हर नागरिक के मताधिकार की रक्षा की प्रतिबद्धता है। वोट जनता की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकत है।’’

बयान के मुताबिक, कांग्रेस सांसद एवं प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं को जुटाने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह इस सिलसिले में अब तक 30 से अधिक संगठनात्मक बैठकें कर चुके हैं।

वहीं, प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को पूर्वी उत्तर प्रदेश में तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाषा सलीम खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments