रांची, 20 अक्टूबर (भाषा) झारखंड में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पलामू जिले में मंगलवार को पड़वा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेदिनीनगर-पड़वा मोड़ मुख्य सड़क पर एक पिकअप वैन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले जौल हक अंसारी के रूप में हुई है।
पड़वा के थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया, ‘‘दोनों पीड़ितों को मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जौल को मृत घोषित कर दिया। उसके 12 वर्षीय छोटे भाई का अस्पताल में इलाज हो रहा है।’’
उन्होंने बताया कि पिकअप वैन को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार शाम को गिरिडीह में हुई एक अन्य घटना में एक तेज रफ्तार एसयूवी ने ऑटो-रिक्शा और दो मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मार दी जिसमें 12 वर्षीय लड़के की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए।
धनवार के थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया, ‘‘हादसा खोरीमहुआ-सरिया मुख्य सड़क पर विशनपुर गांव के पास हुआ। इस घटना में एक लड़के की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया गया है और घायलों का इलाज किया जा रहा है।’’
भाषा सुरभि वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.