नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में तेज रफ्तार कंक्रीट मिक्सर ट्रक ने यू-टर्न ले रहे स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक स्कूटर को करीब 100 से 150 मीटर तक घसीटता ले गया।
यह हादसा सोमवार रात करीब 11 बजकर 55 मिनट पर पुराने पुलिस थाने के ‘कट’ के पास हुआ। मृतकों की पहचान पक्की खजूरी निवासी संतोष (30) और खजूरी खास की गली नंबर 24 में रहने वाले पवन (33) के रूप में हुई है।
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, दोनों अपनी किराने की दुकानें बंद करने के बाद घर लौट रहे थे, तभी खजूरी चौक के पास यू-टर्न लेते समय तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उनके स्कूटर को सामने से टक्कर मार दी।
संतोष के एक रिश्तेदार ने बताया कि स्कूटर ट्रक के अगले हिस्से में फंस गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और उसे करीब 100 से 150 मीटर तक घसीटता ले गया। इसके बाद चालक अपने सहायक के साथ वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद एक टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को गंभीर रूप से घायल पाया। परिवार के सदस्य एक व्यक्ति को जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल ले गए, जबकि दूसरे को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल भेज दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राहुल (डीसीपी) अलवाल ने बताया कि हादसे में शामिल कंक्रीट मिक्सर ट्रक को जब्त कर लिया गया है और वाहन के पंजीकरण नंबर की मदद से चालक की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
परिवार के मुताबिक, संतोष के परिवार में उसके माता-पिता, पत्नी और चार बच्चे हैं, जबकि पवन के परिवार में उसके माता-पिता, पत्नी और एक बच्चा है।
पुलिस ने बताया कि खजूरी खास थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.