जयपुर, 23 मई (भाषा) राजस्थान के करौली जिले में शनिवार को 40 फुट गहरे कुएं में रेत धंसने से दो भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह हादसा सपोटरा क्षेत्र के अमरगढ़ गांव में उस समय हुआ, जब दोनों भाई एक पुराने कुएं से पानी का पंप निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक रेत धंस गई और दोनों उसमें दब गए।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अमरगढ़ गांव निवासी कमलेश (32) और मुकेश (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले कुछ दिनों से कुएं में दबे मोटर पंप तक पहुंचने के लिए खुदाई कर रहे थे।
सपोटरा थाना प्रभारी अभिजीत कुमार ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब कुएं की दीवारें अचानक भरभराकर गिर गईं और दोनों भाई मलबे में दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आधिकारिक टीमों के पहुंचने से पहले करीब ढाई घंटे तक बचाव अभियान चलाया। बाद में सिविल डिफेंस कर्मियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में हिस्सा लिया।
काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और सपोटरा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। इस मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.