scorecardresearch
Friday, 6 November, 2026
होमदेशत्योहारों की भीड़ के मद्देनजर आनंद विहार आईएसबीटी के आसपास यातायात संबंधी पाबंदियां लगाई गईं

त्योहारों की भीड़ के मद्देनजर आनंद विहार आईएसबीटी के आसपास यातायात संबंधी पाबंदियां लगाई गईं

Text Size:

नयी दिल्ली, छह नवंबर (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने त्योहार के समय यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को प्रबंधित करने के लिए आनंद विहार अंतरराज्यीय बस अड्डा और आसपास के परिवहन केंद्रों के पास पांच से 15 नवंबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।

धनतेरस, दिवाली, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए ये इंतजाम किए गए हैं। इन पाबंदियों और मार्ग परिवर्तन का उद्देश्य अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और आसपास के रेलवे स्टेशनों के पास सुगम यातायात सुनिश्चित करना व जाम न लगने देना है।

दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, मार्ग संख्या 56 (चौधरी चरण सिंह मार्ग) और मार्ग संख्या 57 (स्वामी दयानंद मार्ग) प्रभावित होने वाले संभावित रास्तों में शामिल हैं, जबकि गाजीपुर गोलचक्कर और विवेक विहार में रामप्रस्थ पर यातायात परिवर्तित किया जाएगा।

एनएच-24, सराय काले खां और बारापुला की ओर जाने वाले वाहनों को जीटी रोड के रास्ते दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

गाजियाबाद और दिलशाद गार्डन की ओर जाने वाले लोगों को भी जीटी रोड के रास्ते अक्षरधाम के पास दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

मार्ग संख्या 56 के दोनों ओर, विशेष रूप से आनंद विहार आईएसबीटी के प्रवेश और निकास द्वारों तथा पास की संपर्क सड़कों पर बसों, टैक्सी, ऑटो रिक्शा और निजी वाहनों सहित सभी वाहनों की पार्किंग और रुकने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।

निजी वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे मारुति शोरूम के पास कौशांबी रोड पर और एनएच-24 के पास कौशांबी रोड डीडीए भूमि पर उपलब्ध स्वीकृत पार्किंग सुविधाओं का उपयोग करें।

परामर्श में कहा गया है कि वाहनों को मुख्य सड़कों या संपर्क मार्ग पर लावारिस नहीं छोड़ना चाहिए। अनधिकृत पार्किंग और व्यवधान पैदा करने पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं, आईएसबीटी क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश से बचें और जितना संभव हो सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।

भाषा खारी वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments