scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशटाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामला: दो महिलाओं समेत चार आरोपियों की पुलिस हिरासत 28 अक्टूबर तक बढ़ाई गई

टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामला: दो महिलाओं समेत चार आरोपियों की पुलिस हिरासत 28 अक्टूबर तक बढ़ाई गई

Text Size:

मुंबई, 26 अक्टूबर (भाषा) अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में यहां की एक अदालत ने सोमवार को दो महिलाओं समेत चार लोगों की पुलिस हिरासत 28 अक्टूबर तक बढ़ा दी। इन महिलाओं को हमलावरों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले कुणाल (21) और सुमित (19), तथा उत्तर प्रदेश की रहने वाली राधा (23) और बबीता (23), इस मामले में गिरफ्तार किए गए 11 लोगों में शामिल हैं।

सोमवार को, कुणाल, सुमित, राधा और बबीता को उनकी पिछली हिरासत अवधि समाप्त होने पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एस्प्लेनेड कोर्ट) एस. खेडकर के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस ने उनकी हिरासत बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि उन्हें साजिश की पूरी जानकारी है। साथ ही, पुलिस ने बताया कि आरोपियों का सामना पहले गिरफ्तार किए गए सह-आरोपियों से कराना जरूरी है। पुलिस ने अदालत को यह भी बताया कि उनके फोन से मिले आंकड़ों का विश्लेषण किया जाना है।

जांच से पता चला है कि आरोपी सिग्नल ऐप पर बातचीत कर रहे थे, जिसे उन्होंने नष्ट कर दिया। पुलिस ने बताया कि उनके फोन से फोटो और वीडियो वाला डेटा बरामद किया गया है, जिसमें अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियारों की तस्वीरें और वीडियो भी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि इस आंकड़े की पुष्टि के लिए हिरासत की जरूरत है। उसने यह भी कहा कि दो आरोपियों की आवाज के नमूने अभी लिए जाने बाकी हैं।

अजिंक्य मिगराल ने बचाव पक्ष का प्रतिनिधित्व करते हुए तर्क दिया कि केवल औपचारिक आधारों पर हिरासत नहीं दी जा सकती।

बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपियों का आमना-सामना कराने के लिए सख्त पुलिस हिरासत की जरूरत नहीं है, और अदालत की अनुमति से यह काम जेल में भी किया जा सकता है, इसलिए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाना चाहिए।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद, अदालत ने चारों आरोपियों की पुलिस हिरासत 28 अक्टूबर तक बढ़ा दी।

पुलिस के अनुसार, ये आरोपी हथियार हासिल करने के लिए अमृतसर गए थे, जबकि दो महिलाओं ने ट्रेन के जरिए हथियारों की तस्करी करके उन्हें मुंबई पहुंचाया और सीधे हमलावरों को सौंप दिया।

महानगर के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर को कम से कम दो लोगों ने श्रॉफ की कार पर पांच-छह गोलियां चलाईं और फिर मोटरसाइकिल से तेजी से भाग गए। वह मोटरसाइकिल बाद में अंधेरी में लावारिस हालत में मिली। अभिनेता हमले में बाल-बाल बच गए, जबकि उनका ड्राइवर और वहां मौजूद एक राहगीर घायल हो गए।

हत्या के प्रयास और अन्य अपराधों के लिए भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments