कानपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल किया, “बांग्लादेशी घुसपैठियों से इतना प्रेम क्यों है?” योगी ने सपा और कांग्रेस पर अपने शासन के दौरान किसानों, गरीबों, दलितों और युवाओं की समस्याओं को दूर करने में नाकाम रहने का आरोप भी लगाया.
योगी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल दंगाइयों और लुटेरों का समर्थन करते हैं और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं. उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं, युवाओं को रोजगार देने, गरीबी दूर करने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त काम नहीं किया गया.
इससे पहले, महर्षि वाल्मीकि जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री ने कानपुर नगर के बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों में 411 करोड़ रुपये से ज्यादा की 48 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी बांटे गए.
मुख्यमंत्री ने लखनऊ में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों की शिकायतें भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके जल्द समाधान के निर्देश दिए.