सीधी, 30 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार बस और कार की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई और आठ वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी ने बताया कि हादसा चुरहट थाना क्षेत्र के अमरपुर में बेहड़ा मोड़ के पास हुआ। कार में सवार अनिल तिवारी (35), उनके चचेरे भाई सुधीर तिवारी (32) और अनिल की पत्नी मनोरमा तिवारी (30) की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में अनिल और मनोरमा की आठ वर्षीय बेटी मोईना तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, कार सीधी से रामपुर नैकिन की ओर जा रही थी, जबकि बस रीवा से सीधी की तरफ आ रही थी तभी बेहड़ा मोड़ के पास दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उसे बाद में रीवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां हालत में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। ये सभी मैहर जिले के निवासी थे।
भाषा दिमो खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.