नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने जहांगीरपुरी में एक ई-रिक्शा पार्किंग मालिक से हफ्ता वसूलने और रंगदारी गिरोह चलाने के आरोप में तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान प्रिंस उर्फ संजू (28), ऋषभ उर्फ सूरी (22) और खेमा उर्फ गिरीश (22) के रूप में हुई है, जो जहांगीरपुरी के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि ये तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी सामूहिक रूप से पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, पश्चिमोत्तर दिल्ली में जहांगीरपुरी के धोबी घाट पर ई-रिक्शा पार्किंग केंद्र चलाने वाले रियाजुद्दीन को 20 मई को तड़के आरोपियों ने कथित रूप से धमकी दी तथा उसपर हमला किया।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह पिस्तौल एवं चाकू लेकर पार्किंग स्थल पर पहुंचा और कथित तौर पर हफ्ता की मांग करने लगा तथा जब रियाजुद्दीन ने विरोध किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर हमला किया।
पुलिस के अनुसार, रियाजुद्दीन के हाथ में चाकू से चोटें आईं तथा आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
पुलिस ने बताया कि इस समूह ने कथित तौर पर कई खड़े ई-रिक्शा के सामने के शीशे (विंडशील्ड) भी तोड़ दिये, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
जहांगीरपुरी थाने ने भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और मामले की जांच जा रही है।
पुलिस ने छापा मारा तथा घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीन नाबालिगों समेत सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे इलाके में अपना दबदबा कायम करने की कोशिश कर रहे थे और ई-रिक्शा चालकों एवं पार्किंग मालिकों से जबरन वसूली कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से अपराध में इस्तेमाल किए गए दो चाकू बरामद किए गए हैं।
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.