पुणे, 30 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ठाकरे बंधुओं उद्धव और राज ठाकरे के साथ मंच साझा करने के मुद्दे पर शुक्रवार को कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान कोई राजनीतिक चर्चा या बंद कमरे में बैठक नहीं हुई।
बृहस्पतिवार को मुंबई में 75 कार्टूनिस्ट के काम और परिचय पर आधारित एक पुस्तक के विमोचन अवसर पर फडणवीस, शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे एक साथ मंच पर मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह एक बहुत अच्छा कार्यक्रम था। हम तीनों साहित्य प्रेमियों के रूप में इसमें शामिल हुए थे। भाषण बहुत ही हल्के-फुल्के और हास्य से भरपूर थे। यह महाराष्ट्र के सांस्कृतिक लोकाचार को दर्शाता है, जहां वैचारिक मतभेदों और राजनीतिक असहमति के बावजूद लोग ऐसे आयोजनों में एक साथ आ सकते हैं।’’
फडणवीस ने यहां ‘ईकेए मोबिलिटी’ एवं समूह की कंपनियों के छह विनिर्माण संयंत्रों तथा ‘ईकेए एससीवी’ संयंत्र के उद्घाटन से इतर कहा कि लोगों ने पुस्तक विमोचन की सराहना की तथा उम्मीद जताई कि ऐसे और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
फडणवीस ने कहा, ‘‘इसका कोई अन्य राजनीतिक अर्थ नहीं है। मैंने ऐसी खबरें देखीं जिनमें दावा किया गया था कि हम तीनों के बीच बंद कमरे में बैठक हुई। ऐसी कोई बैठक या राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। मंच पर एक साथ जाने से पहले हम कुछ कार्टूनिस्ट के साथ प्रतीक्षालय में बैठे थे और वह बातचीत भी पूरी तरह से हल्की-फुल्की ही थी।’’
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.