scorecardresearch
Monday, 19 October, 2026
होमदेशकेंद्र ने विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान कबाड़ के निपटान से करीब 500 करोड़ रुपये कमाए

केंद्र ने विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान कबाड़ के निपटान से करीब 500 करोड़ रुपये कमाए

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को कहा कि देशभर में जारी विशेष स्वच्छता अभियान के तहत कबाड़ के निपटान से करीब 500 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।

सिंह ने महीने भर चलने वाले अभियान की प्रगति की यहां समीक्षा करते हुए कहा कि 19 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत 8,34,509 स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 2,75,432 थी। उन्होंने कहा कि इस तरह इसमें 3.03 गुना वृद्धि दर्ज की गई।

कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा, “कबाड़ के निपटान से 491.28 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 304.72 करोड़ रुपये था। इस तरह इसमें 1.61 गुना वृद्धि हुई। अभियान के तहत 116 लाख वर्ग फुट जगह भी खाली कराई गई, जबकि विशेष अभियान 5.0 की इसी अवधि में 113.12 लाख वर्ग फुट जगह खाली कराई गई थी।”

कार्मिक मंत्रालय के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) ने दो अक्टूबर को शुरू हुए इस अभियान के तहत अपने कार्यालय परिसर में एक मंजिल पर 1,200 वर्ग फुट जगह खाली कराई है।

सिंह ने कहा कि यह पहल उपलब्ध कार्यालयी जगह का बेहतर इस्तेमाल करने और जरूरत के अनुसार परिसर का उपयोग सुनिश्चित करने पर अभियान के जोर को दर्शाती है। मंत्री ने कहा कि इस अभियान में पिछले संस्करणों के अनुभवों का इस्तेमाल करते हुए हर साल प्रदर्शन बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “शुरुआत में भौतिक फाइल को हटाने पर केंद्रित यह अभियान धीरे-धीरे इलेक्ट्रॉनिक फाइल, ई-कचरे के प्रबंधन और अनुपयोगी सामग्री के निपटान तक पहुंच गया है। कबाड़ के निपटान से राजस्व प्राप्त करना भी अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनकर उभरा है।”

सिंह ने सचिवों से अभियान 6.0 में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और इसकी गतिविधियों को देशभर के क्षेत्रीय कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों तक पहुंचाने का आग्रह किया।

उन्होंने कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में एक दिन के विशेष अभियान आयोजित करने के साथ-साथ स्वच्छता में सुधार और अनुपयोगी सामग्री का प्रभावी ढंग से निपटान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास करने के महत्व पर जोर दिया।

बयान के अनुसार, प्रमुख योगदानकर्ताओं में स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने 4,15,353 स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया, जबकि रेल मंत्रालय ने 19 अक्टूबर 2026 तक कबाड़ के निपटान से 425.06 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। यह विशेष अभियान 31 अक्टूबर को समाप्त होगा।

मंत्री ने आम लोगों में स्वच्छता, कचरे के जिम्मेदारीपूर्वक निपटान और पुनर्चक्रण के प्रति जागरूकता तथा प्रेरणा बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।

भाषा अमित अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments