गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि भूटान में हिमनद झील के अचानक फटने के बाद सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और धुबरी एवं कोकराझार जिलों में संभावित भीषण जलप्रवाह को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने, आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान देने और स्थानीय प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी असम के कुछ हिस्सों से बहने वाली संकोश नदी बाढ़ से प्रभावित हो सकती है, जिसके चलते प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और जल स्तर में संभावित वृद्धि के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि जलस्तर स्थिर बना हुआ है।
शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा,‘‘हम भूटान में हिमनद झील के फटने से धुबरी और कोकराझार के सभी संवेदनशील राजस्व क्षेत्रों पर पड़ने वाले संभावित असर पर कड़ी नजर रख रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे दल राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य एजेंसियों के लगातार संपर्क में हैं तथा जरूरत पड़ने पर कार्रवाई के लिए तैयार हैं। लोगों से अपील है कि वे सतर्क रहें, आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें और स्थानीय अधिकारियों के साथ सहयोग करें।’’
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की एक प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढ़े छह बजे तक संकोश नदी का जलस्तर स्थिर था।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और आपदा राहत एवं बचाव दल किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
शाम को मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट कर बताया कि हिमनद झील के फटने के बाद धुबरी और कोकराझार में जलस्तर स्थिर बना हुआ है।
उसने कहा, ‘‘ जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। राज्य आपदा मोचन बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, जिला आपदा मोचन बल तथा अग्निशमन एवं आपात सेवाओं की टीम को तैनाती के लिए तैयार रखा गया है। अधिकारी नदी के किनारे रहने वाले समुदायों के लगातार संपर्क में हैं, जबकि ‘आपदा मित्र’ स्वयंसेवक भी पूरी तरह सक्रिय हैं।’’
जल शक्ति मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को असम और पश्चिम बंगाल के लिए विशेष परामर्श जारी किया जिसमें कहा गया कि भारतीय दूतावास ने भूटान में पुनात्सांगछू नदी बेसिन में स्थित शिंताफू झील के फटने की सूचना दी है।
परामर्श के मुताबिक, नदी के ऊपरी क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की खबरों के बाद असम के धुबरी और पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिलों में संकोश नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
मंत्रालय ने दोनों जिलों के स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने, स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है।
भाषा राजकुमार संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.