(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मंगलवार को मांग की। उन्होंने कहा कि लोग “चढ़ावा चोरों” को फांसी की सजा मिलते देखना चाहते हैं।
केजरीवाल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कथित अनियमितताएं गंभीर प्रवृत्ति की हैं और इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा, “अगर कोई चोरी नहीं हुई होती, तो प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती और आठ लोगों को गिरफ्तार नहीं किया जाता।”
केजरीवाल ने कहा, “सिर्फ प्राथमिकी दर्ज किया जाना काफी नहीं है।” उन्होंने कहा कि लोगों की मांग है कि “चंदा चोरों को फांसी दी जाए।”
‘आप’ प्रमुख ने आरोप लगाया कि देशभर में कई मंदिर और धार्मिक संस्थान चढ़ावे की चोरी में शामिल लोगों के नियंत्रण में आ गए हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थानों को “चंदा चोरी में शामिल लोगों” के नियंत्रण से मुक्त कर उचित प्रबंधन के लिए धर्मगुरुओं को सौंप दिया जाना चाहिए।
केजरीवाल ने कहा कि जो लोग यह मुद्दा उठा रहे हैं, उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है, जबकि वे कथित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
भाषा पारुल नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.