scorecardresearch
Tuesday, 7 July, 2026
होमदेशशादी के 72 दिन बाद दिल्ली में महिला की मौत, परिजनों का आरोप—पति मांगता था 20 लाख रुपये, सोना और AC

शादी के 72 दिन बाद दिल्ली में महिला की मौत, परिजनों का आरोप—पति मांगता था 20 लाख रुपये, सोना और AC

आकृति की मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार को उसके पति अरस्तू सिक्का को गिरफ्तार किया. दोनों की शादी इसी साल अप्रैल में हुई थी. पुलिस का कहना है कि महिला की डिजिटल सर्च हिस्ट्री से आत्महत्या की आशंका सामने आई है.

Text Size:

नई दिल्ली: राजधानी के लोधी कॉलोनी इलाके में 28 साल की एक महिला की कथित तौर पर बिल्डिंग से गिरकर मौत होने के कुछ दिन बाद, दिल्ली पुलिस ने सोमवार को उनके पति को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को शक है कि यह दहेज के लिए हत्या का मामला है. मृतका की पहचान आकृति के रूप में हुई है, जो छतरपुर में एक सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थीं. उनके पति की पहचान अरस्तू सिक्का के रूप में हुई है.

मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति का परिवार दहेज में एयर कंडीशनर, सोना और 20 लाख रुपये नकद की मांग करता था. उनका यह भी आरोप है कि शादी के बाद पति आकृति को इस बात के लिए परेशान करता था कि वह अपने मायके से कुछ भी लेकर नहीं आई.

दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि पुष्प विहार की रहने वाली महिला 4 जुलाई को पालिका कुंज स्थित नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) फ्लैट्स में कथित तौर पर बिल्डिंग से गिरने के बाद घायल अवस्था में मिली थीं. यह इलाका लोधी कॉलोनी थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है. बाद में एम्स में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने बताया कि महिला की शादी इसी साल 24 अप्रैल को हुई थी. मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 196 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है. जांच (इनक्वेस्ट) की प्रक्रिया के लिए उप-मंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) को भी सूचना दे दी गई है. डीसीपी ने आगे बताया कि जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 5 जुलाई को लोधी कॉलोनी थाने में दहेज के लिए हत्या से जुड़ी संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. उन्होंने कहा, “इस मामले में उसके पति अरस्तू सिक्का को गिरफ्तार कर लिया गया है.”

पुलिस ने कहा कि अब तक किसी साजिश या हत्या (फाउल प्ले) का कोई सबूत नहीं मिला है. शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है.

दहेज के लिए प्रताड़ना, घरेलू हिंसा

आकृति के परिजनों ने दिप्रिंट को बताया कि पति-पत्नी की पहचान कुछ समय पहले कॉमन दोस्तों के जरिए हुई थी और दोनों ने लव मैरिज की थी. परिवार की एक महिला सदस्य ने कहा, “हमारी बेटी की शादी के सिर्फ 72 दिन के अंदर ही उसकी जान ले ली गई.”

परिवार का दावा है कि आकृति की हत्या उनके पति अरस्तू सिक्का और उसके माता-पिता ने की है. उनका आरोप है कि शादी के बाद उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.

महिला रिश्तेदार ने बताया कि आकृति का पति अक्सर मारपीट करता था. कई बार वह बेल्ट से भी पीटता था और ताना देता था कि वह शादी के बाद अपने मायके से कुछ भी लेकर नहीं आईं.

उन्होंने कहा, “आकृति के परिवार के पास जो कुछ भी था, उसका ज्यादातर हिस्सा उनके पिता के कैंसर के इलाज में खर्च हो गया था. बाद में उनके पिता की मौत हो गई. उनकी मां गृहिणी हैं. उन्होंने रिश्तेदारों और पड़ोसियों से कर्ज लेकर किसी तरह आकृति की शादी कराई. वह आज भी वह कर्ज चुका रही हैं.”

परिवार ने आकृति की शादी में करीब 8 लाख रुपये खर्च किए थे. उनका छोटा भाई भी उन पर निर्भर था. मां की मदद करने के लिए आकृति ने नौकरी शुरू की थी, लेकिन पति लगातार नौकरी छोड़ने का दबाव बनाता था.

महिला रिश्तेदार ने कहा, “जब हम रिश्ता लेकर उनके घर गए थे, तब इस परिवार ने कभी कोई गलत व्यवहार नहीं किया. वे इस बात से भी सहमत थे कि आकृति नौकरी करेगी. वे बहुत अच्छे और मीठे स्वभाव के लगे. हमें भी लगा कि हमारी बेटी अच्छे लोगों के बीच रहेगी और सुरक्षित रहेगी.”

लेकिन उन्होंने कहा कि शादी के बाद सब कुछ बदल गया. “हर दिन एसी, सोना और यहां तक कि 20 लाख रुपये की मांग की जाने लगी.” उन्होंने आरोप लगाया कि अगर आकृति फोन नहीं उठाती थीं तो मारपीट की जाती थी और चरित्र पर भी शक किया जाता था.

4 जुलाई की सुबह आकृति ने उन्हें फोन करके बताया था कि वह काम पर जा रही हैं. इसके बाद उनका फोन बंद हो गया. नाम न बताने की शर्त पर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है. मृतका का मोबाइल फोन जांच के लिए दिया गया है. उनके व्हाट्सऐप चैट और गूगल सर्च हिस्ट्री की भी जांच की गई है.

अधिकारी ने कहा कि भले ही परिवार दहेज के लिए प्रताड़ना और दबाव का आरोप लगा रहा है, लेकिन मृतका की डिजिटल हिस्ट्री से मामला आत्महत्या का भी लग रहा है. अधिकारी ने बताया, “पिछले हफ्ते आकृति ने गूगल पर सर्च किया था कि दूसरी मंजिल से गिरने पर क्या मौत हो सकती है.”

अधिकारी के मुताबिक, आकृति ने “आसानी से कैसे मरा जाए” जैसे विषय भी सर्च किए थे. फिलहाल मोबाइल फोन की आगे भी जांच की जा रही है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

share & View comments