इंफाल/काकचिंग/चंदेल: मणिपुर में इंफाल से करीब 25 किलोमीटर पूर्व में पहाड़ी की तलहटी पर बसे एंड्रो गांव के एक शांत आंगन में शराब जैसी खट्टी-मीठी खुशबू फैली हुई है. यह खुशबू मिट्टी के एक अस्थायी चूल्हे से आ रही है, जहां लकड़ी के धुएं और सड़ते हुए चावल की गंध मिल रही है.
मैतेई समुदाय के इस गांव के लगभग हर घर में पीढ़ियों से इसी तरह ‘यू’ बनाई जा रही है. चावल को सड़ाकर और फिर भाप से शराब निकालकर यह पारंपरिक नशीला पेय तैयार किया जाता है. एंड्रो उन गांवों में से एक है, जो स्थानीय तरीके से बनाई जाने वाली इस शराब के लिए जाने जाते हैं.
55 साल की चिंगाखम मेमचा के लिए यह पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से रोज का काम है. सुबह 8 बजे काम शुरू करने से लेकर सूरज ढलने तक मेमचा पारंपरिक कपड़ा ‘फनेक’ पहनकर चावल धोती हैं, उसे सड़ने के लिए रखती हैं और उबलते बर्तनों को संभालती हैं.
‘यू’ कोई ऐसी शराब नहीं है जिसे जल्दी तैयार कर लिया जाए या जिसे सिर्फ अतिरिक्त कमाई के लिए बनाया जाता हो. एंड्रो में चावल से बनी शराब और बीयर धार्मिक रस्मों और सामुदायिक जीवन का ज़रूरी हिस्सा हैं.
लेकिन पिछले हफ्ते यह शांत दिनचर्या अचानक रुक गई. पड़ोसी जिलों चंदेल और काकचिंग में जहरीली शराब पीने से 17 लोगों की मौत हो गई.
मणिपुर पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, चंदेल में मरने वाले लोगों ने शराब सुगनू से खरीदी थी. बताया जा रहा है कि शराब की यह खेप एंड्रो गांव से जुड़ी हुई थी. घटना के बाद पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों ने गांव से नौ लोगों को गिरफ्तार किया, आबकारी अधिनियम के तहत 159 मामले दर्ज किए और पूरे राज्य में बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी. वहीं, एक विशेष जांच दल (एसआईटी) शराब की सप्लाई के पूरे नेटवर्क की जांच कर रहा है और स्वास्थ्य अधिकारी सैकड़ों लोगों की जांच कर रहे हैं.
इस कार्रवाई के केंद्र में ‘यू’ है. इसे कैसे बनाया जाता है? क्या सदियों पुरानी इस कला पर आधुनिकता का असर पड़ा है? इसे बनाने वाले लोग कौन हैं? दिसंबर 2023 में मणिपुर में तीन दशक से ज्यादा समय से लगी शराबबंदी हटने के बाद क्या हुआ? इन सवालों के जवाब जानने के लिए दिप्रिंट ने एंड्रो, सुगनू और चंदेल का दौरा किया.

चावल से शराब बनाने की ‘खास’ कला
मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में स्थित एंड्रो गांव में चकपा समुदाय के लोग रहते हैं. यह मैतेई समुदाय का अनुसूचित जाति का एक उप-समुदाय है. इस गांव को लंबे समय से मणिपुर की स्थानीय विरासत और मिट्टी के बर्तन बनाने की कला के केंद्र के रूप में संभालकर रखा गया है.
एंड्रो गांव की एक खास बात यह है कि यहां लगभग हर आंगन में टिन की छत वाला एक छोटा-सा शेड बना है. इसमें शराब बनाने का छोटा और अस्थायी इंतजाम होता है. वहां मिट्टी के बर्तन, चावल की बोरियां और बड़े ड्रमों में रखा पानी दिखाई देता है.
शराब बनाने और मिट्टी के बर्तन तैयार करने का काम खास तौर पर शादीशुदा महिलाएं ही करती हैं. हल्के गुलाबी रंग का फनेक और स्वेटर पहने मेमचा बताती हैं कि उन्होंने यह काम शादी के बाद ही सीखा था. एंड्रो की ज्यादातर महिलाओं की तरह वह भी अपनी बनाई शराब खुले बाजार में नहीं बेचती हैं.
वह दिप्रिंट को बताती हैं, “बिचौलिए हमारे घर आते हैं, शराब ले जाते हैं और उसे बोतलों में खुद भरते हैं.”
वह बताती हैं, “यू को जल्दबाजी में नहीं बनाया जा सकता. हमें चावल के दानों को धोकर उन्हें सड़ने के लिए रखना पड़ता है. एक बार में शराब तैयार होने में करीब दो हफ्ते लगते हैं.”
आठ लीटर चावल से बनी शराब तैयार करने के लिए, जिसे आमतौर पर ‘अतिंगबा’ कहा जाता है, मेमचा सबसे पहले 10 किलो स्थानीय मणिपुरी चावल लेती हैं और उसे रातभर पानी में भिगोकर रखती हैं. अगले दिन वह चावल से ‘यांगली’ निकालती हैं. यह चावल के छिलके के छोटे-छोटे टुकड़े होते हैं, जो पानी की सतह पर तैरने लगते हैं. इसके बाद वह इसे चावल के आटे के साथ गूंथकर रोटी जैसी चपटी टिकियां बनाती हैं. इन्हें स्थानीय भाषा में ‘हुमाई’ कहा जाता है. यह शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला खमीर है.
वह बताती हैं, “भीगे हुए चावल को पहले तीन से चार घंटे तक भाप में पकाया जाता है. इसके बाद इसमें हुमाई मिलाई जाती है. इस मिश्रण को कपड़े से ढककर चार दिन तक सड़ने के लिए छोड़ दिया जाता है. फिर इसमें ठंडा पानी मिलाया जाता है और अगले छह से सात दिनों तक इसे बिना छेड़े रखा जाता है.” यह बताते हुए वह गर्व से अपने हाथ में दो हुमाई दिखाती हैं.

आखिर में, सड़े हुए चावल के इस मिश्रण को शराब निकालने वाले एक बर्तन में डाला जाता है. इसके बाद इसे चार घंटे तक गर्म किया जाता है. ऊपर पानी से भरा एक ठंडा बर्तन रखा जाता है. इस प्रक्रिया से शराब की साफ बूंदें अंदर जमा होने लगती हैं.
इतनी मेहनत के बाद भी इससे होने वाली कमाई बहुत कम है. मेमचा 10 किलो चावल के एक बैच को तैयार करने में करीब 1,000 रुपये खर्च करती हैं. इसमें से आधे पैसे चावल पर और बाकी लकड़ी और पानी पर खर्च होते हैं.
भाप से निकाली गई ‘यू’ करीब 200 रुपये प्रति लीटर बिकती है, जबकि चावल से बनी बीयर इसकी आधी कीमत पर बिकती है. आग जलाने और बर्तनों के साथ करीब दो हफ्ते तक काम करने के बाद एक बैच से लगभग 300 रुपये का मुनाफा होता है.
मेमचा कहती हैं, “हमारे गांव में शराब एक रस्म का हिस्सा है, फिर भी बाहर के लोग हमें नीची नज़र से देखते हैं, क्योंकि हम इसे बनाते हैं.” वह आगे बताती हैं कि ज्यादातर परिवार घरों के अंदर चुपचाप शराब बनाते हैं. “कुछ लोगों ने इसका गलत इस्तेमाल किया है.”
पहले शराब बनाने की इस प्रक्रिया के हर चरण में धातु के बजाय मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल होता था, लेकिन अब लोगों ने स्टील और यहां तक कि एल्युमिनियम के बर्तनों का इस्तेमाल भी शुरू कर दिया है.
कुछ गलियां छोड़कर 70 साल की फंजौपा खेमा रहती हैं. उनका फनेक बैंगनी रंग का है, जो उनकी दुकान में रखे गहरे रंग के मिट्टी के बर्तनों से बिल्कुल अलग दिखाई देता है.
50 साल पहले शादी के बाद इस गांव में आईं खेमा पिछले पांच दशकों से मिट्टी के बर्तन बना रही हैं. वह सिर्फ एक सपाट पत्थर और लकड़ी के एक हथौड़े की मदद से मिट्टी को पीटकर बर्तनों का आकार देती हैं. साल 2013 में उन्हें राष्ट्रीय मेरिट पुरस्कार मिला था. अब वह गांव की युवा महिलाओं को मिट्टी के बर्तन बनाना सिखाती हैं.
खेमा उन तीन अलग-अलग मिट्टी के बर्तनों के बारे में बताती हैं, जिन्हें पारंपरिक रूप से शराब निकालने की प्रक्रिया में एक के ऊपर एक रखा जाता है. वह मणिपुरी में समझाती हैं, “सबसे नीचे ‘उफू’ रखा जाता है, बीच में ‘नंगकोक’ और सबसे ऊपर ‘उयासाफू’ रखा जाता है. यह छोटा बर्तन है, जिसमें आखिर में शराब की बूंदें जमा होती हैं. इसके साथ पानी रखने के लिए ‘एसिंगजाफू’ भी होता है.”
खेमा कहती हैं, “पहले हर चीज मिट्टी के बर्तनों में ही बनाई जाती थी. अब उनकी जगह एल्युमिनियम और प्लास्टिक ने ले ली है.”
त्रासदी की पूरी कहानी
एंड्रो में बनने वाली ‘यू’ भले ही धार्मिक रस्मों और परंपराओं से जुड़ी हो, लेकिन चंदेल जिले के चकपीकरोंग सब-डिवीजन में सुगनू से आठ किलोमीटर दूर जो कुछ हुआ, वह एक बिल्कुल अलग सच्चाई सामने लाता है.
2023 में हुई जातीय हिंसा के बाद शराब की पुरानी स्थानीय सप्लाई व्यवस्था चरमरा गई. वहीं, शराबबंदी के कारण बने माहौल में नियमों की कमी ने एक ऐसे गुप्त नेटवर्क को जन्म दिया, जिसके जरिए देशी शराब को एक जिले से दूसरे जिले में पहुंचाया जाने लगा.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं, “सुगनू में शराब की कोई लाइसेंस वाली दुकान नहीं है. इसके बजाय शराब की खरीद-बिक्री चोरी-छिपे होती है. इसे एंड्रो जैसे घाटी के इलाकों से लाया जाता है और सुगनू शहर में घरों और बेसमेंट से चुपचाप बेचा जाता है.”
चकपीकरोंग के पुरुषों के लिए जहां शराब की स्थानीय बिक्री पर रोक है, शराब खरीदने का मतलब था 30 से 50 रुपये देकर एक निजी जीप में सुगनू जाना, वहां से प्लास्टिक की दो या तीन बोतलें खरीदना और उन्हें वापस अपने घर ले आना.
शराब की बोतलों की पैकिंग देखने में बिल्कुल असली लगती थी. मिनरल वॉटर की बोतल जैसी दिखने वाली एक प्लास्टिक की बोतल पर ‘एंड्रो’ का लेबल लगा था. उसके नीचे ‘पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाइन’ लिखा था. दूसरी बोतल पर ‘नागोला पमजाबा’ लिखा था. उस पर आगे ‘प्रीमियम क्वालिटी’ और ‘मणिपुर के सबसे अच्छे चावल के दानों से बनी’ होने का दावा भी किया गया था.
17 से 19 नवंबर के बीच चंदेल और काकचिंग जिलों के लोगों ने सुगनू से ये बोतलें खरीदीं और घर लौटने के बाद शराब पी. कुछ ही घंटों में सभी में एक जैसे लक्षण दिखाई देने लगे. पेट में तेज़ जलन, उल्टी और अचानक आंशिक रूप से दिखाई देना बंद हो जाना.
गांवों में अचानक दहशत फैल गई. ऐसा लग रहा था जैसे सुनामी ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया हो. परिवारों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हो क्या रहा है.
चकपीकरोंग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और चंदेल के जिला अस्पताल में शुरू हुई अफरा-तफरी वाली रात जल्द ही इंफाल तक पहुंच गई. इंफाल यहां से करीब 100 किलोमीटर दूर है. एंबुलेंस और निजी गाड़ियों से सैकड़ों मरीजों को शिजा अस्पताल, बाबिना अस्पताल, जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (जेएनआईएमएस) और रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरआईएमएस) पहुंचाया गया.
शिजा अस्पताल के मेडिकल सर्विसेज के निदेशक डॉ. सोरोखैबम जुगिंद्रा सिंह ने दिप्रिंट को बताया, “जांच के दौरान डॉक्टरों को ऐसे लक्षण मिले, जो मेथनॉल से जहर फैलने के मामलों में दिखाई देते हैं. इसके बाद शक हुआ कि मरीजों ने मिलावटी शराब पी थी.”
इंफाल और चंदेल के अस्पतालों में लगातार 24 घंटे काम चलता रहा. अस्पतालों में आने वाले मरीजों की जांच की गई, उनके शरीर में जहर की मौजूदगी और अंगों के काम करने की स्थिति का पता लगाने के लिए टेस्ट किए गए. सैकड़ों मरीजों को 24 से 48 घंटे तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया. इस तरह स्थानीय स्तर पर बनाई जाने वाली शराब की वजह से एक बड़ी स्वास्थ्य आपात स्थिति पैदा हो गई.
घाटी से पहाड़ी इलाकों तक
50 रुपये में बिकने वाली आधा लीटर की बोतलें अपने आप एक जगह से दूसरी जगह नहीं पहुंचतीं. इसके पीछे एक पूरा नेटवर्क काम करता है.
मणिपुर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, एंड्रो जैसे घाटी के पारंपरिक शराब बनाने वाले इलाकों से शराब लाई जाती है. इसे पैक करके जीप और चार पहिया गाड़ियों में छिपाया जाता है और सुगनू जैसी जगहों तक पहुंचाया जाता है. वहां सालों से इस कारोबार से जुड़े बिचौलिए इसे बेसमेंट से बेचते हैं.
हाल में हुई मौतों की पुलिस जांच में इस नेटवर्क से जुड़े कुछ खास लोगों के नाम सामने आए हैं. गिरफ्तार किए गए लोगों में सुगनू माखा लेइकाई के 57 साल के खैदेम जादुमणि सिंह, सुगनू मोइरांगथेम लेइकाई के 40 साल के कंगाबम सुरजीत सिंह और कंगाबम रतन सिंह, सुगनू पामांग लेइकाई में ईखोई होटल के मालिक 32 साल के खैदेम नाओबा मेइतेई, एंड्रो खाराम लेइकाई के 45 साल के निंगथौजम जॉयकुमार सिंह और एंड्रो चिंगदोंग लेइकाई के 40 साल के सागोलसेम दास सिंह शामिल हैं.
पुलिस अधिकारी बताते हैं, “पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि सुरजीत सिंह ने कथित तौर पर एंड्रो के दास और नगांबी नाम के दो लोगों से शराब खरीदी थी. वहीं, सुगनू आवांग लेइकाई के दारा नाम के व्यक्ति ने नगांबी की ओर से शराब का स्टॉक अपने पास रखा था. दूसरी ओर, रतन सिंह ने कथित तौर पर एंड्रो की लीमा नाम की किसी व्यक्ति से शराब खरीदी थी.”
मणिपुर के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व पुलिस महानिदेशक युमनाम जॉयकुमार सिंह इस नेटवर्क के भौगोलिक इलाके को समझाते हैं. वह कहते हैं, “यहां जिले बहुत छोटे हैं…एक जिले से दूसरे जिले में जाने के लिए करीब 30 से 40 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है, इससे ज्यादा नहीं.”
स्थानीय स्तर पर बनाई गई शराब को एक जिले से दूसरे जिले में ले जाने का काम लंबे समय से आबकारी विभाग और पुलिस की कमजोर जांच व्यवस्था से बचकर होता रहा है.
विज्ञान की पढ़ाई कर चुके जॉयकुमार को शक है कि जहर एंड्रो में शराब बनाने वाले बर्तनों से ही शुरू हुआ था. उन्होंने कहा, “अगर एंड्रो में शुरू से ही बनाई गई शराब जहरीली होती, तो एंड्रो और सुगनू में भी मौतें सामने आतीं. अगर शराब बनाने की जगह पर ही पूरा बैच जहरीला हो गया होता, तो इससे कहीं ज्यादा लोगों की मौत होती.”

इसके बजाय, उनका इशारा शराब को रास्ते में या बेचने की जगह पर मिलावटी बनाए जाने की ओर है.
शराब की यह आवाजाही एक बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली जैसे शहरों से हवाई जहाज के जरिए भी शराब लाई जाती है. वहीं, सुरक्षा बल और राज्य पुलिस हाईवे और मणिपुर-म्यांमार की खुली सीमा के पास नियमित रूप से बड़ी मात्रा में लाई जा रही शराब की खेप पकड़ते हैं. अधिकारी बताते हैं कि इस सीमा पर अवैध नशीले पदार्थों की आवाजाही भी आसानी से होती है. इसका नेटवर्क उत्तर में चीन और दक्षिण में बांग्लादेश तक फैला हुआ है.
एंड्रो में स्थानीय संगठन चाहते हैं कि जब तक लैब की जांच रिपोर्ट से यह साफ नहीं हो जाता कि आखिर हुआ क्या था, तब तक शराब की बिक्री और पीने पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी जाए.
नीति और नियमों का ढांचा
मणिपुर में शराब को लेकर लंबे समय से शराबबंदी का इतिहास रहा है. यहां कानून और लोगों की आदतों के बीच हमेशा अंतर बना रहा है.
आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया कि शराबबंदी का कानून 1991 में बनाया गया था, लेकिन इसे 1994 में लागू किया गया. इससे पहले राज्य में शराब की लाइसेंस वाली दुकानें थीं.
उन्होंने कहा, “1970 और 1980 के दशक में शराब और नशीले पदार्थों का इस्तेमाल बढ़ने से सभी समुदायों के परिवारों पर असर पड़ा. महिलाओं के समूह ‘मीरा पैबी’ ने इसके खिलाफ आवाज उठाई. 1970 के दशक के आखिर में इन महिलाओं ने जलती हुई मशालें लेकर रात में गश्त करना शुरू किया था.”
उन्होंने आगे बताया, “इन महिलाओं ने नशे की लत और अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ आवाज उठाई. इसमें नशाबंदी (नशा मुक्ति) से जुड़े महिला समूहों, छात्र संगठनों और मैतेई, कुकी और नागा इलाकों के सामाजिक संगठनों ने भी उनका साथ दिया.”
हालांकि, महिला समूहों की ओर से शराबबंदी लागू कराने की कोशिशों के बावजूद अवैध रूप से शराब बेचने वाले और नियमित रूप से शराब पीने वाले लोग इसके रास्ते निकालते रहे. जब राज्य में शराब की मांग के मुकाबले सप्लाई कम होती थी, तो पड़ोसी राज्यों से शराब आने लगती थी.
समय के साथ राज्य सरकार ने शराबबंदी में कुछ छूट देने और नए नियम बनाने की कोशिश की. 2002 में किए गए बदलावों के तहत कुछ इलाकों में शराब की अनुमति दी गई. इसके बाद 2022 में शराब को कानूनी बनाने की मांग ने फिर जोर पकड़ा. इस दौरान इस मुद्दे पर बहस हुई, विरोध प्रदर्शन हुए, श्वेत पत्र जारी किए गए और विशेषज्ञों की समितियां बनाई गईं.
दिसंबर 2023 में सरकार ने चार तरह के इलाकों में शराबबंदी हटा दी. इनमें ग्रेटर इंफाल, 20 या इससे ज्यादा कमरों वाले होटल, जिला मुख्यालय और पर्यटन स्थल शामिल थे.
आबकारी विभाग के अधिकारी ने बताया, “इसके बाद 2024 में सरकारी स्तर पर शराब की बिक्री के लिए मणिपुर स्टेट बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड की शुरुआत की गई. हालांकि, पूरे राज्य में अब तक सिर्फ छह होटल और 15 खुदरा दुकानें ही खुली हैं.”
उन्होंने कहा कि इन बदलावों के साथ-साथ अनुसूचित जाति के मेइतेई समुदाय के लोग सेक्माई, फायेंग और एंड्रो जैसे गांवों में पारंपरिक तरीके से शराब बनाते और बेचते रहे हैं. इसी तरह कुछ अनुसूचित जनजाति समुदायों में भी पारंपरिक तरीके से शराब बनाने का काम होता रहा है.
आबकारी विभाग के अधिकारी ने आगे बताया, “राज्य सरकार 2024 से मणिपुर देशी शराब नीति पर काम कर रही है. इसके लिए गांवों से बातचीत की जा रही है और गोवा, मध्य प्रदेश, असम और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के मॉडल का अध्ययन किया जा रहा है. इसका मकसद शराब बनाने की इस पारंपरिक कला की जांच करना, इसके लिए एक जैसे मानक तय करना और इसे बढ़ावा देना है. यह कला गांवों में लोगों की रोजी-रोटी और महिलाओं की कमाई से जुड़ी है.”
हालांकि, अलग-अलग विभागों के लिए इस पर रोक लगाना और नियम लागू करना अब भी मुश्किल बना हुआ है.
आबकारी विभाग के एक दूसरे अधिकारी का कहना है कि विभाग में 41 आबकारी थाने हैं, लेकिन वहां कर्मचारियों की संख्या तय पदों के मुकाबले काफी कम है. हालांकि, भर्ती की अधिसूचना जारी की जा चुकी है. अलग-अलग समुदायों के कर्मचारी अपने-अपने इलाकों में काम करते हैं. इनमें कुकी और नागा अधिकारी भी अपने समुदाय के इलाकों में तैनात हैं.
वह कहते हैं, “बाहर से आने वाली शराब पर नज़र रखने के लिए विभाग होलोग्राम का इस्तेमाल करता है. इससे शराब की सप्लाई से लेकर आखिरी खरीदार तक उसका पता लगाया जा सकता है. इसके अलावा, यूपीआई या कार्ड से भुगतान करना भी जरूरी किया गया है.”
अधिकारियों के मुताबिक, 17 नवंबर से अब तक 6,000 से ज्यादा जगहों पर जांच की गई है. आबकारी अधिनियम के तहत 159 मामले दर्ज किए गए हैं और 6,498 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है. जांच के लिए शराब के नमूने कोलकाता भेजे गए हैं और एक उच्चस्तरीय जांच भी शुरू की गई है.
जॉयकुमार का कहना है कि कर्मचारियों की कमी की समस्या कई साल पुरानी है. उन्हें याद है कि जब वह आबकारी मंत्री थे, तब विभाग में 600 पदों में से करीब 400 खाली थे. उनके नेतृत्व वाली विपक्ष की एक समिति ने एक बार सुझाव दिया था कि शराब बनाने और बेचने पर सही नियंत्रण रखते हुए स्थानीय स्तर पर भाप से तैयार की जाने वाली शराब से प्रतिबंध हटाया जाना चाहिए, लेकिन इन नियमों को लागू किए जाने से पहले ही वह अगला चुनाव हार गए. उनका कहना है कि शराबबंदी हटने के बाद भी लगातार बनी सरकारें शराब की गुणवत्ता जांचने और इसके परीक्षण की व्यवस्था तैयार करने में नाकाम रहीं.
लंबे समय से जारी अशांति का असर पुलिस की प्राथमिकताओं पर भी पड़ा है.
जॉयकुमार का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाना पुलिस का एक अतिरिक्त काम है, जबकि उसका मुख्य काम अपराधों का पता लगाना और उनकी जांच करना है. हालांकि, वह इस बात से सहमत हैं कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों के कारण मणिपुर पुलिस पर पिछले कई सालों से काफी दबाव रहा है.
फिलहाल, चंदेल और काकचिंग में हुई इस त्रासदी ने शराब से जुड़ी नीति के सवाल को नियम लागू करने की एक बड़ी और जरूरी चुनौती बना दिया है. इस मुद्दे का एक और अहम पहलू भी है- उन महिलाओं की रोजी-रोटी, जो ‘यू’ बनाती हैं.
दिन के आखिर में बची यादें
शराब नीति, पुलिस की रिपोर्ट, गिरफ्तारियों और जब्ती को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच प्रभावित परिवार अब भी अपने लोगों को खोने के दुख से जूझ रहे हैं.
नागा समुदाय के 40 साल के किशुन हरंगबुंग मणिपुर के नुंगपन गांव में रहते थे और पौधे उगाकर अपना गुजारा करते थे. उन्होंने भी सुगनू में शराब पी थी और फिर घर लौट आए थे. घर पहुंचते ही उन्हें उल्टियां होने लगीं और पूरी रात उनकी हालत खराब रही. उनके भाई ने बताया कि सुबह उन्हें चकपीकरोंग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने के 30 मिनट के अंदर ही उनकी मौत हो गई.
किशुन की मौत के बाद परिवार में शोक के साथ-साथ गुस्सा भी साफ दिखाई देता है. परिवार के लोग कहते हैं, “हम जवाब चाहते हैं. किशुन और हमारे गांव के कई दूसरे पुरुषों ने शराब पीकर गलती की, लेकिन सरकार को इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी होगी. यह ज़हरीली शराब किसने बनाई? इसे बेचने और फिर हमारे लोगों तक पहुंचाने के लिए कौन जिम्मेदार था? इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?”

नुंगपन एक ईसाई गांव है, जहां अपने सख्त नियम हैं. गांव के लोगों का कहना है कि यहां शराब बेचने पर रोक है. इसलिए जो भी शराब पीना चाहता है, उसे इसे खरीदने के लिए सुगनू जाना पड़ता है.
जातीय हिंसा ने गांव में शराब पहुंचाने के तरीके को भी बदल दिया. किशुन के चाचा हरंगबुंग बेबिसिंग बताते हैं कि पहले सुगनू में रहने वाले जोउ समुदाय के लोग शराब बनाते थे. वे अपनी बनाई शराब दूसरों के साथ बांटते थे और लोगों को अपने घरों में बैठकर शराब पीने भी देते थे. उस समय सार्वजनिक परिवहन की सुविधा थी और इस रास्ते पर बसें भी चलती थीं. कुछ मेइतेई लोग भी शराब बनाते थे.
उन्होंने कहा, “2023 के बाद जोउ समुदाय के लोगों को यह इलाका छोड़कर चुड़ाचांदपुर जाना पड़ा.”
बेबिसिंग के चाचा ने किशुन की ओर से सुगनू से लाई गई शराब की दोनों बोतलें अब तक संभालकर रखी हैं. बेबिसिंग ने दिप्रिंट को बताया, “मुझे समझ नहीं आता कि इन दोनों बोतलों का क्या करूं, जिनकी वजह से उसकी जान चली गई. क्या मुझे इन्हें फेंक देना चाहिए? क्या पुलिस को इनकी जरूरत पड़ेगी? ये बोतलें हमें हर दिन उस घटना की याद दिलाती हैं…यह सोचकर कि शराब की एक बोतल ने उसकी जान ले ली.”
बेबिसिंग समझते हैं कि इस इलाके में शराब की कोई लाइसेंस वाली दुकान नहीं है, लेकिन उनका एक सवाल है. वह पूछते हैं, “फिर बिना लाइसेंस के शराब क्यों बेची जा रही है? क्या सरकार को इस पर कुछ नहीं करना चाहिए? आप शराब पर पूरी तरह रोक नहीं लगा सकते, लेकिन क्या नियमों को सख्ती से लागू नहीं कर सकते?”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: ‘आप महिला हैं, ब्रूअरी कैसे चलाएंगी?’ —कैसे रसज्ञा धर्मना ने इस सवाल का जवाब एक फैक्ट्री बनाकर दिया