scorecardresearch
Thursday, 26 November, 2026
होमरिपोर्टसंविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारें: सीएम धामी

संविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारें: सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को संविधान की शपथ भी दिलाई. उन्होंने विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

Text Size:

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून की पुलिस लाइन में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने सभी को संविधान एवं विधि दिवस की शुभकामनाएं दीं और भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देता है.

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अभियोजन विभाग के लिए तीन अहम घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के बारे में अभियोजन विभाग, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने और आम लोगों को जागरूक करने के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि दी जाएगी.

उन्होंने कहा कि अभियोजन विभाग के कार्यालयों को आधुनिक बनाने के लिए कंप्यूटर और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि दी जाएगी. इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कदमों से अभियोजन विभाग की काम करने की क्षमता बढ़ेगी और प्रदेश की अभियोजन व्यवस्था और मजबूत होगी.

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को संविधान की शपथ भी दिलाई. उन्होंने विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 हस्तियों को सम्मानित किया. इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी और गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना और डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी और सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे. मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में न्याय और सत्य को सबसे ऊंचा स्थान दिया गया है. महाभारत में बताई गई विदुर नीति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था का सम्मान तभी बना रहता है, जब उसके केंद्र में सत्य, न्याय और निष्पक्षता हो. यही सिद्धांत हमारी न्याय व्यवस्था का भी आधार है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का एक अहम हिस्सा है. जांच अधिकारियों की ओर से जुटाए गए सबूतों की कानूनी जांच करना, तथ्यों और सबूतों को अदालत के सामने साफ और निष्पक्ष तरीके से रखना और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए अभियोजन का पक्ष मजबूती से रखना अभियोजन अधिकारियों की अहम जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि अभियोजन अधिकारियों की मेहनत, कानूनी जानकारी और निष्पक्षता से न्याय व्यवस्था पर आम लोगों का भरोसा मजबूत होता है. उन्होंने ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए अभियोजन अधिकारियों की सराहना भी की.

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 का दिन भारत के इतिहास में बहुत गौरवपूर्ण है. इसी दिन संविधान सभा ने दो साल, 11 महीने और 18 दिन की कड़ी मेहनत के बाद भारतीय संविधान को अपनाया था. साल 1979 में जाने-माने कानून विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मीमल्ल सिंघवी और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की पहल पर 26 नवंबर को विधि दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई. साल 2015 में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, आसान और नागरिकों की जरूरतों के मुताबिक बनाने के लिए कई अहम काम किए गए हैं. अंग्रेजों के शासन के समय बनाए गए आपराधिक कानूनों की जगह भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं. यह आजादी के बाद देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था में किए गए सबसे बड़े सुधारों में से एक है. इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और तय समय में न्याय देने पर खास जोर दिया गया है. नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है.

इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, गृह सचिव शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन ए.पी. अंशुमान सहित अभियोजन और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.

share & View comments