scorecardresearch
Thursday, 26 November, 2026
होमराजनीतिपंजाब चुनाव अभी दूर लेकिन सड़क पर सियासत शुरू: कांग्रेस-BJP की यात्राएं, अकाली गठबंधन की नई रणनीति

पंजाब चुनाव अभी दूर लेकिन सड़क पर सियासत शुरू: कांग्रेस-BJP की यात्राएं, अकाली गठबंधन की नई रणनीति

पंजाब में राजनीतिक दल उम्मीदवारों की घोषणा के बाद प्रचार का दौर शुरू होने से पहले, अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की होड़ में राज्य की सड़कों और राजमार्गों को साइकिल और बस यात्राओं के जरिए राजनीतिक मंच में बदल रहे हैं.

Text Size:

चंडीगढ़: पंजाब में अगले साल होने वाले चुनाव के लिए विपक्षी पार्टियों ने अभी तक अपने घर-घर जाकर प्रचार करने वाले उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है. ऐसे में राज्य की सड़कें और हाईवे राजनीतिक मंच बन गए हैं. साइकिल रैलियां, रोड शो, धार्मिक यात्राएं और बस जुलूस पूरे जोर-शोर से चल रहे हैं.

जहां कांग्रेस और बीजेपी अपनी-अपनी ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ और ‘समरसता संकल्प यात्रा’ के साथ सड़कों पर नजर आ रही हैं, वहीं शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने पूरे राज्य में बस यात्रा निकालने की योजना बनाई थी. लेकिन बीजेपी के साथ गठबंधन की संभावना को देखते हुए इसे टाल दिया गया. मंगलवार को इस गठबंधन का औपचारिक ऐलान भी हो गया. दूसरी ओर, सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) घर-घर जाकर प्रचार करने और उम्मीदवारों व टिकट के दावेदारों के साथ स्थानीय स्तर पर सभाएं करने पर ध्यान दे रही है. AAP पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 71 पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है.

मंगलवार को बीजेपी और SAD के गठबंधन के ऐलान ने इन प्रचार अभियानों में एक नया पहलू जोड़ दिया है. छह साल अलग रहने के बाद दोनों पार्टियां अब 2027 का चुनाव साथ लड़ने जा रही हैं. ऐसे में प्रस्तावित राज्यव्यापी बस यात्रा दोनों पार्टियां मिलकर निकाल सकती हैं. तलवंडी साबो के श्री दमदमा साहिब से शुरू होने वाली इस बस यात्रा की योजना तीन चरणों में सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने की थी. पहला चरण 10 से 22 नवंबर तक चलना था, जबकि अगले चरण श्री आनंदपुर साहिब और अमृतसर के श्री अकाल तख्त साहिब से शुरू होने थे.

चंडीगढ़ के DAV कॉलेज में राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर डॉ. कंवलप्रीत कौर ने ThePrint से कहा, “इसका मकसद जरूरी नहीं कि इस समय अलग-अलग उम्मीदवारों के लिए वोट मांगना हो. बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि पार्टियां राजनीतिक चर्चा में बनी रहें, अपनी संगठनात्मक ताकत दिखाएं और लोगों के बीच यह धारणा बनाएं कि उनका राजनीतिक प्रभाव बढ़ रहा है.”

BJP's Samrasta Sankalp Yatra | By special arrangement
बीजेपी की समरसता संकल्प यात्रा | विशेष व्यवस्था से

कांग्रेस ने चुना साइकिल का रास्ता

कांग्रेस ने सबसे पहले 4 नवंबर को संगरूर में राहुल गांधी की ‘इंसाफ’ रैली के बाद बस से ‘पंजाब मांगदा इंसाफ’ यात्रा शुरू की थी. लेकिन पार्टी का हालिया सबसे ज्यादा दिखाई देने वाला अभियान पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में निकाली गई ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ रही.

यह यात्रा 12 नवंबर को चमकौर साहिब से शुरू हुई. इस मौके पर पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा मौजूद थे. यात्रा के पहले चरण में करीब 625 किलोमीटर की दूरी तय की गई और 27 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरने के बाद 19 नवंबर को खन्ना में इसका समापन हुआ. इस अभियान के लिए करीब 2,000 साइकिलें बांटी गईं.

Congress's Jawani Sambhal Cycle Yatra, led by former chief minister and Jalandhar MP Charanjit Singh Channi, seen here with Punjab Congress in-charge Sachin Pilot | By special arrangement
पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में निकाली गई कांग्रेस की जवानी संभाल साइकिल यात्रा. उनके साथ पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट | विशेष व्यवस्था

इस यात्रा का मुख्य मुद्दा नशे की समस्या, बेरोजगारी और पंजाब के युवाओं का भविष्य था. लेकिन इसने कांग्रेस नेतृत्व को अपनी संगठनात्मक मौजूदगी दिखाने और शासन के मुद्दों पर AAP सरकार को घेरने का मौका भी दिया.

हालांकि, इस यात्रा के दौरान कांग्रेस के अंदरूनी मतभेद भी सामने आ गए. पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शुरुआत में यात्रा से दूर रहे. बाद में उन्होंने शहर में अपना अलग ‘इंसाफ मार्च’ निकालने का ऐलान किया. आखिरकार वह बीजा गांव में चन्नी की साइकिल यात्रा में शामिल हुए और उनके साथ करीब 14 किलोमीटर साइकिल चलाकर खन्ना पहुंचे. यहां एक जनसभा के साथ यात्रा का समापन हुआ. परगट सिंह अपने हिस्से की यात्रा के लिए बस से पहुंचे.

पंजाब बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कांग्रेस नेताओं की अपनी-अपनी यात्राएं निकालने पर तंज कसा. उन्होंने कहा, “कल की यात्रा परगट सिंह और प्रताप सिंह बाजवा की थी, जबकि आज की यात्रा चन्नी जी की है. कई नेताओं ने बस रैलियां निकाली हैं, जबकि चन्नी जी ने साइकिल रैली का रास्ता चुना है. कुछ नेता 2 से 2.5 करोड़ रुपये की डिफेंडर गाड़ियों में यात्रा निकालने की योजना बना रहे हैं. मेरा मानना है कि यह यात्रा नहीं, बल्कि अपनी ही पार्टी में ताकत दिखाने का प्रदर्शन है. वे पंजाब के मुद्दों पर बात ही नहीं करते.”

SGGS कॉलेज के इतिहास विभाग के डॉ. हरजेश्वर सिंह ने कहा, “कुर्सी की राजनीति के सालों बाद कांग्रेस ने फिर सड़क की राजनीति शुरू की है.”

उन्होंने कहा, “समराला, खन्ना, लुधियाना, कोटकपूरा, अमरगढ़ और फरीदकोट जैसे अर्ध-शहरी इलाकों में चन्नी को अच्छा समर्थन मिला. लेकिन ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में प्रतिक्रिया उतनी अच्छी नहीं रही.”

डॉ. सिंह ने आगे कहा, “दूसरी ओर, वड़िंग का मार्च शहरी लोगों को ध्यान में रखकर निकाला गया था. जब चन्नी लुधियाना से गुजरे, तब वड़िंग मौजूद नहीं थे. लेकिन आखिरी दिन वह बीजा पहुंचे और उनके साथ 14 किलोमीटर साइकिल चलाई. यह बिल्कुल बॉलीवुड फिल्म के क्लाइमैक्स जैसा था, जिसमें अलग हुए भाई सूर्यास्त की ओर साथ साइकिल चलाते हैं.”

बीजेपी की समरसता संकल्प यात्रा

बीजेपी ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए एक नहीं, बल्कि दो यात्राएं निकाली हैं.

सितंबर में पार्टी ने ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ निकाली थी, जो सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी और जालंधर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली के साथ खत्म हुई. इस यात्रा को मिली प्रतिक्रिया मिली-जुली रही.

उसकी सबसे नई पहल ‘समरसता संकल्प यात्रा’ है. इसे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 18 नवंबर को जालंधर में डेरा सचखंड बल्लां के पास से रवाना किया. गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के मौके पर निकाली जा रही इस देशव्यापी 2,558 किलोमीटर की यात्रा का पंजाब में करीब 700 किलोमीटर का हिस्सा है, जो 17 जिलों से गुजरेगा.

BJP's Samrasta Sankalp Yatra | By special arrangement
बीजेपी की समरसता संकल्प यात्रा | विशेष व्यवस्था

यह यात्रा जालंधर, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, बठिंडा, संगरूर, लुधियाना, रोपड़ और मोहाली से होकर चंडीगढ़ की ओर बढ़ेगी.

यात्रा की शुरुआत डेरा सचखंड बल्लां से करना अहम है. 2011 की जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब की आबादी में अनुसूचित जाति के लोगों की हिस्सेदारी करीब 32 प्रतिशत है. इस डेरे का खासकर दोआबा क्षेत्र में रविदासिया समुदाय के बीच काफी प्रभाव है. अमृतसर में यात्रा का स्वागत हॉल बाजार स्थित श्री गुरु रविदास जी के केंद्रीय मंदिर में किया गया, जहां धार्मिक दीवान भी आयोजित हुआ.

पहले जिक्र की गई DAV कॉलेज की डॉ. कौर ने कहा, “इससे पता चलता है कि पंजाब में चुनाव प्रचार अब ऐसे दौर में पहुंच रहा है, जहां राजनीतिक पार्टियां वोटों के साथ-साथ लोगों के बीच अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए भी मुकाबला कर रही हैं. उम्मीदवारों के ऐलान तक यही स्थिति बनी रहेगी. इसके बाद प्रचार छोटे स्तर पर होगा और अलग-अलग उम्मीदवार इसकी कमान संभालेंगे.”

अकालियों की प्रस्तावित यात्रा अभी सड़क पर नहीं उतरी

सुखबीर बादल के नेतृत्व में SAD की प्रस्तावित राज्यव्यापी ‘पंजाब बचाओ यात्रा’ दो बार टल चुकी है.

पहले चरण की शुरुआत 10 नवंबर को तलवंडी साबो के तख्त दमदमा साहिब से होनी थी. इस दौरान 22 नवंबर तक 14 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जाना था. बाद में इसे 16 नवंबर के लिए तय किया गया, लेकिन फिर रद्द कर दिया गया. अभी तक इसकी कोई नई तारीख घोषित नहीं हुई है.

अब बीजेपी के साथ गठबंधन का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा ऐलान हो चुका है. ऐसे में दोनों पार्टियां संयुक्त कार्यक्रमों की घोषणा कर सकती हैं.

जमीनी स्तर पर SAD ने अभी तक अपने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है. हालांकि, पार्टी ने अपने हलका इंचार्जों यानी विधानसभा क्षेत्र के प्रभारियों से कहा है कि वे समय बर्बाद न करें और घर-घर जाकर प्रचार शुरू कर दें.

सुखबीर ने 6 अक्टूबर को गिद्दड़बाहा से एक राज्यव्यापी अभियान भी शुरू किया था. इसके तहत पार्टी के 2027 के घोषणापत्र के लिए लोगों से सुझाव लिए जा रहे हैं. जालंधर में SAD ने दावा किया कि उसने चार विधानसभा क्षेत्रों में 25,000 सुझाव फॉर्म बांटे हैं.

इस बीच, लोकसभा सांसद हरसिमरत कौर बादल की ‘मांवा-धियां इंसाफ यात्रा’ पंजाब भर में महिलाओं के साथ बैठकें कर रही है. इस यात्रा में नशे की समस्या और महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है.

AAP विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रचार की ओर बढ़ी

AAP की उम्मीदवारों की घोषणा करने की रणनीति से उसे फायदा मिल रहा है. पार्टी ने 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की और 12 नवंबर को 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की. इस तरह कुल 71 उम्मीदवार घोषित हो चुके हैं. इससे इन उम्मीदवारों को बाकी पार्टियों से काफी पहले प्रचार शुरू करने का मौका मिला है.

सितंबर में पार्टी ने ‘मान दे मुनाफे’ अभियान शुरू किया था. इसके तहत विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर सरकार के साढ़े चार साल के कामकाज की रिपोर्ट बांटने की जिम्मेदारी दी गई थी.

यह अभियान गुरु हर सहाय, फिरोजपुर ग्रामीण, रूपनगर, लुधियाना उत्तर, अमलोह, शाहकोट, बलाचौर और खरड़ समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में चलाया गया. पार्टी के प्रचार में मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता, रोजगार से जुड़ी पहल और कल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता दी गई है.

AAP ने राज्यभर में संगठनात्मक अभियान की भी घोषणा की है. इसके तहत 25,332 मतदान केंद्रों पर 2.68 लाख बूथ कमेटी सदस्य तैनात किए जाएंगे. इसका मकसद मतदान केंद्र के स्तर पर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करना और सरकार की उपलब्धियों को सामने रखना है.

अब पार्टी 26 नवंबर को मोगा में होने वाली ‘खुशहाल पंजाब महा रैली’ की तैयारी कर रही है. इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के शामिल होने की उम्मीद है. इस कार्यक्रम को पार्टी के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत के तौर पर पेश किया जा रहा है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: कर्नाटक में धर्मांतरण और गोहत्या विरोधी कानून रद्द करने की तैयारी, BJP ने विरोध के लिए जुटाया समर्थन


 

share & View comments