scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशअसम में घुसपैठ रोकना ही काफी नहीं है, हर अवैध प्रवासी को वापस भेजना होगा : शाह

असम में घुसपैठ रोकना ही काफी नहीं है, हर अवैध प्रवासी को वापस भेजना होगा : शाह

Text Size:

ढेकियाजुली (असम), 29 मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में असम में घुसपैठ को रोका है, लेकिन यह ‘‘पर्याप्त नहीं है’’, क्योंकि प्रत्येक अवैध प्रवासी को उनके देशों में वापस भेजा जाना चाहिए।

सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘‘घुसपैठियों को संरक्षण’’ देने के लिए राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध किया है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहते हैं। शाह ने गोगोई से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।

शाह ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान देश की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया और पाकिस्तान से आए आतंकवादियों को हमारे देश में लोगों की हत्या करने की खुली छूट दी।’’

शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवादियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।

शाह ने कहा, ‘‘भाजपा सरकार ने असम में घुसपैठ रोक दी है, लेकिन यह काफी नहीं है। हर अवैध प्रवासी को वापस भेजा जाना चाहिए।’’

उन्होंने लोगों से विधानसभा चुनावों में भाजपा को वोट देने का आग्रह किया, ताकि हिमंत विश्व शर्मा को फिर से मुख्यमंत्री बनाया जा सके और असम को ‘‘घुसपैठिया मुक्त’’ बनाया जा सके तथा शांति और विकास सुनिश्चित किया जा सके।

इस बीच, भाजपा के एक नेता ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में रविवार को होने वाली चुनावी रैली भारी बारिश के कारण देरी से हो सकी।

नेता ने बताया कि शाह का कार्यक्रम सुबह करीब 11 बजे शुरू होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।

भाजपा नेता ने बताया कि शाह बाद में सड़क मार्ग से ढेकियाजुली के लिए रवाना हुए, जिसके चलते रैली में कुछ घंटे की देरी हुई।

असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और मतगणना चार मई को होगी।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments