scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशसपा नए रूप और वादों के साथ जनता के बीच जाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसका चरित्र वही है : तावड़े

सपा नए रूप और वादों के साथ जनता के बीच जाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसका चरित्र वही है : तावड़े

Text Size:

लखनऊ, 30 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी विनोद तावड़े ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि वह नए रूप और वादों के साथ जनता के बीच जाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसका वास्तविक चरित्र वही है जिसे प्रदेश की जनता 2017 से पहले देख चुकी है।

तावड़े ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए इस संदर्भ में व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की रचना ‘भेड़ और भेड़िये’ का जिक्र किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था, विकास तथा जनकल्याण के क्षेत्र में हुए कार्यों का अंतर जनता के सामने रखने का आह्वान किया।

तावड़े ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का चुनाव नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का चुनाव है।

भाजपा नेता ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है और इसलिए प्रदेश में भाजपा की बड़ी जीत जरूरी है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा ने 312 विधानसभा सीटें जीती थीं और अब कार्यकर्ताओं को इस प्रदर्शन को दोहराने के लक्ष्य के साथ काम करना चाहिए। इसके लिए उन्होंने बूथ स्तर पर सूक्ष्म प्रबंधन, घर-घर संपर्क और संगठनात्मक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

तावड़े ने कहा कि सरकारी योजनाएं गरीबों, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के अनुभवों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वी विल डू इट’ संदेश का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में निर्धारित संगठनात्मक लक्ष्यों को हासिल करने का आह्वान किया।

भाषा

सलीम रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments