लखनऊ, 21 नवंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कुछ सरकारी अधिकारी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारियों की तरह काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है।
यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा जारी है और सपा उन निर्वाचन क्षेत्रों के बारे में सुझाव देगी, जहां कांग्रेस के जीतने की संभावना है।
सपा प्रमुख ने कहा, “अभी कई ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस जीत सकती है। हम उसी के अनुसार सुझाव देंगे। मैंने पहले दिन से ही यह कहा है और आज फिर दोहराता हूं कि बातचीत चल रही है। सीटों पर जीतने की संभावना ही एकमात्र आधार होगी।”
अखिलेश ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है और इसके लिए चुनाव जीतना ही एकमात्र रास्ता है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासन में संविधान के तहत न्याय पाना, सम्मान प्राप्त करना और लोगों की गरिमा की रक्षा करना बड़ी चुनौती बन गया है।
उन्होंने कहा, “अगर भाजपा को सत्ता से हटा दिया जाता है तो ये समस्याएं खत्म हो जाएंगी।”
अखिलेश ने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी और सरकारी अधिकारी भाजपा के पदाधिकारियों की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने नेताओं से विचार-विमर्श करने के बाद इस संबंध में निर्वाचन आयोग को विस्तृत शिकायत सौंपेगी।
सपा प्रमुख ने कहा, “हम निर्वाचन आयोग को ऐसे अधिकारियों के उदाहरण देते हुए पत्र लिखेंगे, जो पिछले 10 वर्षों से लगातार भाजपा के पदाधिकारियों की तरह काम कर रहे हैं। इस पत्र पर हमारे विधायक, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) और संसद के दोनों सदनों के सदस्य हस्ताक्षर करेंगे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद अधिकारियों का तबादला नहीं किया जा रहा है। अखिलेश ने एक अधिकारी का उदाहरण दिया, जिसका नाम लिए बिना उन्होंने दावा किया कि वह पहले उपचुनाव के दौरान अनियमितताओं में शामिल था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस कथित दावे पर सवाल उठाते हुए कि मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, सपा प्रमुख ने पूछा, “यह कैसी दिव्य दृष्टि है? यह कैसी दैवीय जानकारी है, जिससे उन्हें पता चला कि केवल 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं?” उन्होंने निर्वाचन आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समुदायों के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है और निर्वाचन आयोग भाजपा के साथ मिलीभगत कर रहा है।
सपा प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मतदाता सूचियों को दुरुस्त रखने को कहा।
उन्होंने कहा, “मैं अपने सभी साथियों, नेताओं और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे अपनी मतदाता सूचियों को दुरुस्त रखें। अगर हम अपने बूथ जीतेंगे तो सरकार बनाएंगे। अगर हम बूथ स्तर पर पिछड़ गए तो भाजपा कोई भी साजिश करने की कोशिश कर सकती है।”
प्रतापगढ़ के कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा आयोजित किए जाने के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने सवाल टालते हुए कहा, “इस बार उत्तर प्रदेश के लोग भाईचारे, अपनत्व और पीडीए को मजबूत करने जा रहे हैं। हम जितना अधिक प्रेम, करुणा और स्नेह को बढ़ावा देंगे, भाजपा को हराने में उतने ही मजबूत होंगे।”
अखिलेश ने राज्य सरकार पर विभिन्न परियोजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया और सरकारी विभागों से संबंधित नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, “यह सरकार भ्रष्टाचार में माहिर है। उत्तर प्रदेश तभी प्रगति करेगा, जब इस सरकार को हटाया जाएगा।”
सत्ता में आने पर लखनऊ के विकास की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी ‘घोषणापत्र-एक’, ‘घोषणापत्र-दो’ और जिला स्तर पर अलग-अलग घोषणापत्र जारी करेगी। हालांकि, उन्होंने पहले दो घोषणापत्रों के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया।
लखनऊ के विकास को लेकर अपनी पार्टी का दृष्टिकोण रखते हुए अखिलेश ने कहा कि शहर की विरासत और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए राज्य की राजधानी को आधुनिक, विश्वस्तरीय और रहने योग्य शहर बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी यातायात प्रबंधन में सुधार, जाम कम करने, चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने और शिक्षण संस्थानों के उन्नयन पर ध्यान देगी।
भाषा
चंदन, जफर रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.