scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशशुभेंदु ने अभिषेक को 2029 के चुनाव में उनकी सीट पर हराने का संकल्प लिया

शुभेंदु ने अभिषेक को 2029 के चुनाव में उनकी सीट पर हराने का संकल्प लिया

Text Size:

कोलकाता, 30 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी को चुनौती दी कि वह वर्ष 2029 का चुनाव खुद की डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से लड़कर दिखाएं। उन्होंने इसके साथ ही इस सीट पर बनर्जी को हराने का संकल्प लिया। इस पर तीन बार के सांसद ने कहा कि अगर उनकी पार्टी उन्हें फिर से टिकट दिया, तो वह इस सीट से एक और चुनावी लड़ाई के लिए तैयार हैं।

शुभेंदु ने बनर्जी पर आरोप लगाया कि उन्होंने दक्षिण 24 परगना जिले को अपनी निजी जागीर बना लिया है। वहीं, टीएमसी नेता ने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री की यह भविष्यवाणी कि वह हार जाएंगे, ‘चुनावी हिसाब-किताब पर आधारित है या निर्वाचन आयोग के प्रभाव पर’।

बरुईपुर में एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने बनर्जी को अगले लोकसभा चुनाव में डायमंड हार्बर से उनका सामना करने की चुनौती दी।

उन्होंने दावा किया कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि मौजूदा सांसद ‘2024 में मिली जीत के अंतर से कम से कम एक वोट ज्यादा’ के अंतर से हारें।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर आप फिर से डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ते हैं, तो मैं आपको हरा दूंगा। मैं पक्का करूंगा कि आप 2024 में मिले वोटों के अंतर से कम से कम एक वोट ज्यादा से हारें। तब आपने पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष चुनाव नहीं होने दिए थे। अगर आपमें हिम्मत है, तो 2029 में चुनाव लड़ें… हम आपकी जमानत जब्त करवा देंगे।’’

बनर्जी के अपने संसदीय क्षेत्र से नदारद रहने पर तंज कसते हुए अधिकारी ने कहा कि सांसद लगभग सात लाख वोट के अंतर से जीते थे, लेकिन चुनाव के बाद उन्हें ‘‘ढूंढ़ना मुश्किल’’ हो गया है।

उन्होंने पूछा, ‘‘पिछले छह महीनों से वह कहां हैं?’’

शुभेंदु ने बनर्जी पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी की और उन्हें ‘एचोड़े पाका’ कहा। यह एक बंगाली मुहावरा है जिसका इस्तेमाल ऐसे व्यक्ति का मजाक उड़ाने के लिए किया जाता है जो अपनी उम्र से अधिक समझदार होने का दिखावा करता है या अपनी उम्र से बड़ी बातें करता है)।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बनर्जी के प्रभाव में दक्षिण 24 परगना में लोकतांत्रिक संस्थाओं को सुनियोजित तरीके से कमज़ोर किया गया है, और इस ज़िले में स्वतंत्र व निष्पक्ष पंचायत चुनाव नहीं होने दिए गए।

शुभेंदु के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कि वह पिछली बार मिली जीत के अंतर से भी अधिक मतों से हारेंगे, बनर्जी ने कहा, ‘‘क्या वह ज्योतिषी हैं?’’

मुख्यमंत्री के इस भरोसे के आधार पर सवाल उठाते हुए तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र किया और आरोप लगाया कि भाजपा मतदाताओं के बजाय निर्वाचन आयोग पर भरोसा कर रही है।

भाषा संतोष नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments