नई दिल्ली: भगोड़े आर्थिक अपराधियों मेहुल चोकसी और नीरव मोदी समेत कई लोगों के वकील रहे क्रिमिनल लॉयर विजय अग्रवाल को यौन हमले के आरोप में लंदन में गिरफ्तार किया गया है. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी.
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने दिप्रिंट को बताया, “मंगलवार, 11 अगस्त को अधिकारियों ने मेफेयर के ब्रिक स्ट्रीट में एक जगह पर यौन हमले की शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की. 57 साल के एक पुरुष और 41 साल की एक महिला को इन घटनाओं के संबंध में गिरफ्तार किया गया. ये घटनाएं मंगलवार, 26 मई और रविवार, 9 अगस्त को हुई बताई गई हैं.”
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने पुष्टि की कि 57 साल के पुरुष विजय अग्रवाल हैं और 41 साल की महिला की पहचान मनप्रीत कौर के रूप में की. पुलिस के अनुसार, अग्रवाल पर “यौन हमले के चार आरोप” लगाए गए हैं. वहीं कौर पर “जानबूझकर यौन हमला करने वाले अपराध को बढ़ावा देने या उसमें मदद करने के दो आरोप” लगाए गए हैं.
इसके अलावा, मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि 23 साल के एक पुरुष और 43 साल की एक महिला को भी जांच के संबंध में मंगलवार (11 अगस्त) को गिरफ्तार किया गया था. दोनों को “आगे की जांच पूरी होने तक ज़मानत” पर छोड़ दिया गया है.
अग्रवाल और कौर के बारे में मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि दोनों पर 13 अगस्त को आरोप लगाए गए. उसी दिन वे वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश हुए और उन्हें हिरासत में भेज दिया गया. उन्हें 10 सितंबर को साउथवार्क क्राउन कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस ने कहा, “यौन हमले की शिकायत करने वाली दो महिलाओं को विशेषज्ञ अधिकारियों की मदद लगातार दी जा रही है.”
दिप्रिंट ने विजय अग्रवाल के परिवार से टेक्स्ट मैसेज और फोन कॉल के जरिए प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की, लेकिन खबर प्रकाशित होने तक कोई जवाब नहीं मिला था. जवाब मिलने पर इस रिपोर्ट को अपडेट कर दिया जाएगा.
2000 से अग्रवाल क्रिमिनल मामलों की पैरवी कर रहे हैं. उन्होंने कई बड़े और चर्चित मामलों में आरोपियों या पक्षकारों का प्रतिनिधित्व किया है. इनमें 2G स्पेक्ट्रम केस, ICICI-वीडियोकॉन केस, अगस्ता वेस्टलैंड केस, नेशनल हेराल्ड केस और पीएनबी फ्रॉड केस समेत कई मामले शामिल हैं.
उनका मुख्य काम क्रिमिनल लॉ, मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA), आर्थिक अपराध और प्रत्यर्पण से जुड़े मामलों में रहा है.
1969 में दिल्ली में जन्मे अग्रवाल ने हंसराज कॉलेज से बीकॉम किया. इसके बाद उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई की और ICWA (अब CMA यानी कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटिंग) और FCA (फेलो चार्टर्ड अकाउंटेंट) की डिग्री हासिल की.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: ‘RSS ने तय कर लिया है कि वह 1.5 अरब लोगों का सच जानता है’: राहुल गांधी का विचारधारा थोपने का आरोप