scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेशआंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु', मध्यम बारिश का पूर्वानुमान

आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’, मध्यम बारिश का पूर्वानुमान

Text Size:

अमरावती, दो नवंबर (भाषा) भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के दो और तीन नवंबर की दरमियानी रात नेल्लोर और नरसापुर के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।

विभाग ने ‘मुरासु’ के प्रभाव को देखते हुए राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। यह नेल्लोर से लगभग 160 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व, ओंगोल से 210 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और मछलीपट्टनम से 240 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। बाद में यह पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर बढ़ी।

मौसम विभाग ने आधिकारिक बयान के अनुसार, गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और तीन नवंबर की रात 11:30 बजे से अगले दिन तड़के चार बजे के बीच ओंगोल के दक्षिण में नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की प्रबल संभावना है।

विभाग के अनुसार, तट से टकराते समय तूफान की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है जबकि हवा की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

तूफान के प्रभाव से सोमवार को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के अधिकांश स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने बापटला, प्रकाशम, नेल्लोर, चित्तूर और तिरुपति जिलों में एक या दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने का भी अनुमान जताया है।

विभाग के अनुसार, तीन नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती हैं। वहीं, रायलसीमा के कई इलाकों में भी इसी तरह का मौसम रहने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने पलनाडु, तिरुपति और नंद्याल जिलों में एक या दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं, एलुरु, एनटीआर, कृष्णा, गुंटूर, बापटला, प्रकाशम, नेल्लोर, चित्तूर, अन्नमय्या, कडप्पा और कुरनूल जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

विभाग के अनुसार, श्रीकाकुलम, पार्वतीपुरम मान्यम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, अल्लूरी सीताराम राजू, अनकापल्ली, काकीनाडा, डॉ. बी. आर. आंबेडकर कोनसीमा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, श्री सत्य साई और अनंतपुर जिलों के अलावा यानम में भी एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments