scorecardresearch
Wednesday, 9 September, 2026
होमदेशसत्या निकेतन PG हादसा: ऑपरेटर सुधांशु गिरफ्तार, 7 लोगों की हुई थी मौत

सत्या निकेतन PG हादसा: ऑपरेटर सुधांशु गिरफ्तार, 7 लोगों की हुई थी मौत

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी महेश गुप्ता की दो दिन की पुलिस हिरासत आज खत्म हो रही है. उसे साउथ कैंपस थाने से कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा है. महेश के साथ बिल्डिंग का ठेकेदार और एक राजमिस्त्री भी कोर्ट में पेश किए जाएंगे.

Text Size:

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने साउथ कैंपस के सत्या निकेतन इलाके में 6 सितंबर को गिरी पांच मंजिला इमारत के मामले में PG ऑपरेटर सुधांशु को गिरफ्तार किया है. इस इमारत में ‘Hostel Daze’ नाम से PG चलाया जा रहा था. हादसे में पांच छात्रों समेत 7 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे.

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी महेश गुप्ता की दो दिन की पुलिस हिरासत आज खत्म हो रही है. उसे साउथ कैंपस थाने से कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा है. महेश के साथ बिल्डिंग का ठेकेदार और एक राजमिस्त्री भी कोर्ट में पेश किए जाएंगे.

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, प्रॉपर्टी मालिक हरिराम के बेटे महेश ने पूछताछ में बताया कि वह अपने माता-पिता की ओर से इमारत की देखरेख करता था. अगस्त 2025 में यह प्रॉपर्टी दो बिजनेस पार्टनर शुभम त्यागी और सुधांशु को लीज पर दी गई थी. दोनों यहां ‘Hostel Daze’ नाम से PG चला रहे थे.

पूछताछ में महेश ने पुलिस को बताया कि बारिश के मौसम में कचरा और पानी जमा होने के कारण पिछले 8-10 दिनों से बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था. ग्राउंड फ्लोर पर भी मरम्मत और उसे बढ़ाने का काम किया जा रहा था, ताकि वहां व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ाई जा सकें.

पुलिस के मुताबिक, महेश ने यह भी बताया कि हादसे वाले दिन उसे और उसके परिवार को स्थानीय लोगों से इमारत गिरने की जानकारी मिली. इसके बाद वे अपना घर छोड़कर राजस्थान के भिवाड़ी में अपने ससुराल चले गए.

कोर्ट ने हरिराम और उनकी पत्नी उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं बेटे महेश को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है.

इससे पहले प्रॉपर्टी की मालकिन 75 वर्षीय उर्मिला गुप्ता, 81 वर्षीय पति हरिराम गुप्ता, जो भारतीय वायु सेना से रिटायर्ड सार्जेंट है और 52 वर्षीय बेटे महेश गुप्ता को इमारत गिरने के मामले में गिरफ्तार किया गया था.

दिल्ली पुलिस ने बताया कि लेबर ठेकेदार सानोज को उत्तर प्रदेश के कासगंज से पकड़ा गया है. उसे जांच के तहत पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है.

इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया है कि वह दक्षिण दिल्ली के सत्या निकेतन में हाल ही में हुए PG बिल्डिंग हादसे के मुद्दे को पूरे देश के स्तर पर देखेगा. जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस आर. महादेवन की बेंच ने मामले पर गुरुवार को सुनवाई तय की है.

share & View comments