scorecardresearch
Sunday, 4 October, 2026
होमदेशउपग्रह से मिले डेटा में गंडक नदी के जलस्तर में अभूतपूर्व बढ़ोतरी का पता चला: चौधरी

उपग्रह से मिले डेटा में गंडक नदी के जलस्तर में अभूतपूर्व बढ़ोतरी का पता चला: चौधरी

Text Size:

पटना, तीन अक्टूबर (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि गंडक नदी के जलस्तर में हुई अभूतपूर्व बढ़ोतरी और इसके कारण बिहार में आई बाढ़ को उपग्रह से मिले डेटा के जरिए दर्ज किया गया है।

इस बीच, भारतीय वायुसेना ने सूखे राशन के 5,600 से अधिक पैकेट में 28 टन से ज्यादा खाद्य सामग्री हेलीकॉप्टरों से सारण जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचाई।

चौधरी ने दो अक्टूबर को प्रकाशित नासा पृथ्वी वेधशाला की ‘रेंस स्वैम्प द गंडक रिवर’ शीर्षक वाली रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पड़ोसी देश नेपाल में हुई असाधारण रूप से भारी बारिश के बाद गंडक नदी का जलस्तर नेपाल और भारत के कुछ हिस्सों में रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया।

रिपोर्ट के अनुसार, 24 से 27 सितंबर के बीच नेपाल के पहाड़ी लुंबिनी और गंडकी प्रांतों में हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुए और गंडक नदी का जलस्तर कई जगहों पर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। गंडक को नेपाल में नारायणी कहा जाता है।

चौधरी ने कहा कि इसके बाद बाढ़ का पानी बड़े क्षेत्रों में फैल गया, कई जगहों पर पानी तटबंधों के ऊपर से बहने लगा और कई स्थानों पर तटबंधों में दरारें भी आ गईं।

जल संसाधन विभाग का भी जिम्मा संभाल रहे उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 20 सितंबर और 29 सितंबर को नासा के उपग्रह से ली गई तस्वीरों की तुलना करने पर नदी के आसपास जलमग्न क्षेत्रों के विस्तार का पता चलता है।

उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल के देवघाट में 27 सितंबर को गंडक नदी का जलस्तर 11.94 मीटर तक पहुंच गया। वहां 1960 के दशक में जलस्तर का माप शुरू होने के बाद यह अब तक का सर्वाधिक स्तर है।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक और उपग्रह आधारित आंकड़ों से बाढ़ के फैलाव और उसकी गंभीरता का आकलन करने में मदद मिलेगी तथा इस असामान्य स्थिति को बेहतर ढंग से समझने में सहायता मिलेगी।

इस बीच, राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने शनिवार को बताया कि भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने सारण जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में 15 उड़ानों के जरिए सूखे राशन के 5,600 से अधिक पैकेट में 28 टन से ज्यादा खाद्य सामग्री पहुंचाई।

विभाग ने बताया कि यह विशेष हवाई राहत अभियान राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने केंद्रीय गृह और रक्षा मंत्रालयों के समन्वय से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर चलाया।

विभाग के अनुसार, इसका उद्देश्य उन इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाना है, जहां बाढ़ और जलभराव के कारण सड़क से पहुंचना संभव नहीं है।

विभाग और जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और प्रभावित लोगों की जरूरत के अनुसार सड़क मार्ग और अन्य वैकल्पिक माध्यमों से राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं।

भाषा जोहेब सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments