scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेश‘रामायण’ के प्रचार के दौरान जुबान फिसलने पर रणबीर ने मांगी माफी, कहा : ‘बर्बाद करें अल्फाज मेरे’

‘रामायण’ के प्रचार के दौरान जुबान फिसलने पर रणबीर ने मांगी माफी, कहा : ‘बर्बाद करें अल्फाज मेरे’

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) अभिनेता रणबीर कपूर ने अपनी आगामी फिल्म ‘रामायण: भाग 1’ के प्रचार के दौरान कोलकाता में दशहरा समारोह में अनजाने में की गयी टिप्पणी के लिए माफी मांगी है।

अभिनेता मंगलवार को ‘रामायण’ की टीम के साथ कोलकाता पहुंचे थे। कार्यक्रम में रणबीर त्योहार के संदेश के बारे में बात कर रहे थे, तभी उन्होंने गलती से कहा, ‘‘दशहरा हमें एक बहुत खूबसूरत बात याद दिलाता है कि बुराई चाहे जितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में अंत सच्चाई और अच्छाई का ही होगा।’’

रणबीर (44) ने बुधवार को इस गलती के लिए माफी मांगी जब ‘रामायण’ की टीम फिल्म के प्रचार कार्यक्रमों के लिए चेन्नई में थी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कल दशहरा समारोह में हुई एक घटना के लिए माफी मांगना चाहता हूं। मेरी जुबान फिसल गई थी। मैं जो कहना चाहता था, वह यह था कि ‘बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत सच्चाई और अच्छाई की होगी।’’’

इसके बाद उन्होंने 2011 में आई अपनी फिल्म ‘रॉकस्टार’ के गीत ‘जो भी मैं’ की शुरुआती पंक्तियां उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘जो भी मैं कहना चाहूं, बर्बाद करें अल्फाज मेरे।’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मैं इसके लिए दिल से माफी मांगता हूं।’’

फिल्म ‘रामायण: भाग 1’ में रणबीर कपूर को भगवान राम, साई पल्लवी को सीता और अभिनेता यश को रावण की भूमिका में देखा जा सकेगा।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और आठ बार ऑस्कर जीत चुके विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो डीएनईजी ने यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से किया है। ‘रामायण: भाग 1’ अगले महीने दिवाली पर दुनियाभर में रिलीज होगी।

कार्यक्रम में रणबीर ने कहा कि ‘रामायण’ ऐसी कहानी है, जो प्रेम, आस्था और संस्कृति के माध्यम से हम सभी को जोड़ती है।

उन्होंने संगीतकार ए. आर. रहमान के साथ काम करने के बारे में भी बात की। रहमान इससे पहले उनकी फिल्मों ‘रॉकस्टार’ और ‘तमाशा’ के लिए संगीत तैयार कर चुके हैं।

रणबीर ने कहा, ‘‘मुझे अपनी दो फिल्मों में उस्ताद ए. आर. रहमान के साथ काम करने का सौभाग्य मिला है। वे फिल्में मेरे लिए बेहद खास रही हैं। लेकिन सर, आपके साथ इस फिल्म में काम करने का यह अवसर हमेशा याद रखा जाएगा। आपके साथ इस फिल्म में काम करना हमारे जीवन का एक ऐसा अवसर है, जिसे हम हमेशा याद रखेंगे।’’

भाषा गोला वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments