scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशविपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में जाने से लोगों को रोकने का राहुल गांधी का दावा है झूठ :भाजपा

विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में जाने से लोगों को रोकने का राहुल गांधी का दावा है झूठ :भाजपा

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राहुल गांधी के इस दावे को ‘‘झूठ’’ करार दिया कि गृह मंत्री अमित शाह यहां एक नवंबर को होने वाली विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में लोगों को आने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा ने कहा कि कांग्रेस नेता झूठ फैलाकर लोगों को गुमराह करना बंद करें।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां प्रेस वार्ता में गांधी से उनके आरोप के समर्थन में सबूत दिखाने की मांग भी की।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी के इस आरोप के बाद आई कि गृह मंत्री यहां एक नवंबर को होने वाली विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में लोगों को शामिल होने से रोकने की ‘‘पूरी कोशिश’’ कर रहे हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यहां प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम लोगों को (रैली में जाने से) रोका जा रहा है। आप देखिए कि रामलीला मैदान में क्या होता है और आपको समझ आ जाएगा कि देश में क्या हो रहा है। लाखों लोगों को मताधिकार से वंचित किए जाने के कारण भारी गुस्सा और भावनात्मक पीड़ा है।’’

पात्रा ने पलटवार करते हुए कहा कि गांधी का यह दावा झूठ है कि केंद्र सरकार और गृह मंत्री विभिन्न राज्यों से लोगों को दिल्ली आने से रोक रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया, ‘‘किसे रोका गया है? किसने किसे और कहां रोका है? सबूत दिखाइए।’’

उन्होंने कहा कि गांधी ‘‘झूठ फैलाना और देश को गुमराह करना बंद कीजिए।’’

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया, ‘‘ कहीं भी किसी को रोका नहीं गया है।’’

पात्रा ने दावा किया कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को प्रस्तावित ‘‘जन महाभियोग’’ की कार्रवाई 31 अक्टूबर तक टालनी पड़ी, क्योंकि वह इस आयोजन के लिए उचित ‘‘व्यवस्था’’ नहीं कर सका।

भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘विपक्षी दलों में एकता की कमी है। उनमें संगठनात्मक क्षमता का भी अभाव है। शायद इसी वजह से उन्हें इस प्रतीकात्मक संसद (मॉक पार्लियामेंट) को टालना पड़ा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यही वजह है कि राहुल गांधी ने यह झूठा आरोप लगाया है कि गृह मंत्री अलग-अलग राज्यों से लोगों को दिल्ली आने से रोक रहे हैं।’’

पात्रा ने उत्तर प्रदेश के हालिया विधानपरिषद चुनाव में ‘धांधली’ का आरोप लगाने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) की भी आलोचना की।

उन्होंने सपा से पूछा कि अगर उसके अनुसार चुनाव में धांधली हुई थी, तो वह पांच सीट पर अपनी जीत का जश्न क्यों मना रही है?

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी को पहले एक बैठक करनी चाहिए और यह तय करना चाहिए कि चुनाव में धांधली हुई या उनकी जीत हुई। अगर धांधली हुई थी, तो जश्न मनाना बंद करें और शिकायत दर्ज कराए।’’

पात्रा ने आरोप लगाया कि कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर ‘प्रतीकात्मक संसद’ आयोजित करने से लेकर लोगों को मार्च के लिए बुलाने तक कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल ‘किसी तरह माहौल खराब करने’ की पूरी कोशिश कर रहे हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि वे अच्छी तरह जानते हैं कि वे ‘निष्पक्ष तरीके से’ चुनाव नहीं जीत सकते।

उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए, (उन्होंने ठान लिया है कि)अराजकता फैलाएं और किसी भी कीमत पर सत्ता परिवर्तन की कोशिश करें। लेकिन, लोग सही समय आने पर उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे।’’

भाषा राजकुमार माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments