scorecardresearch
Tuesday, 21 July, 2026
होमदेशNEET पेपर लीक पर संसद में चर्चा की मांग, राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बिरला से की मुलाकात

NEET पेपर लीक पर संसद में चर्चा की मांग, राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बिरला से की मुलाकात

राहुल गांधी के साथ समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव, शिवसेना (यूबीटी) के अरविंद सावंत, आरएसपी के एन.के. प्रेमचंद्रन समेत कई विपक्षी सांसद स्पीकर से मिले.

Text Size:

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को विपक्षी सांसदों के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर नीट पेपर लीक, परीक्षा से जुड़े विवाद और छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर संसद में चर्चा कराने की मांग की.

राहुल गांधी के साथ समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव, शिवसेना (यूबीटी) के अरविंद सावंत, आरएसपी के एन.के. प्रेमचंद्रन समेत कई विपक्षी सांसद स्पीकर से मिले.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हमारी मांग बहुत साफ है. कल छात्रों पर हुई बर्बरता और परीक्षा संकट पर सरकार की पूरी जवाबदेही को लेकर संसद में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए.”

उन्होंने कहा कि छात्रों ने अपने भविष्य को लेकर जायज सवाल पूछे, लेकिन उन्हें पीटा गया. राहुल गांधी ने सवाल किया कि अगर संसद में देश के युवाओं के भविष्य पर चर्चा नहीं होगी, तो फिर संसद का उद्देश्य क्या है?

उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को दबने नहीं देगा. छात्रों की आवाज सड़क से लेकर संसद तक उठाई जाएगी.

लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक मणिकम टैगोर ने कहा कि राहुल गांधी और अन्य विपक्षी सांसदों ने सोमवार को पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई कार्रवाई का मुद्दा स्पीकर के सामने उठाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष की मांग है कि गृह मंत्री अमित शाह सदन में आकर इस मामले पर जवाब दें.

इससे पहले संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले INDIA गठबंधन के फ्लोर नेताओं की बैठक राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कक्ष में हुई. बैठक में संसद के भीतर विपक्ष की रणनीति पर चर्चा की गई.

बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जयराम रमेश, के.सी. वेणुगोपाल, सुप्रिया सुले, संजय राउत, महुआ माजी, जॉन ब्रिटास समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए.

सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन नीट पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी. इस दौरान विपक्षी सांसदों ने सदन में नीट पेपर लीक और राम मंदिर में कथित दान चोरी के मुद्दे पर चर्चा की मांग की.

वहीं, संसद के बाहर सीजेपी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद की ओर मार्च किया. प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड तोड़े गए और पुलिस ने कार्रवाई की.

राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खरगे ने भी नीट-यूजी 2026 पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा मामला है.


यह भी पढ़ें: सफदरजंग के रेजिडेंट डॉक्टरों का राष्ट्रपति को पत्र, वांगचुक के अस्पताल छोड़ने के अधिकार की सुरक्षा मांगी


 

share & View comments