चंडीगढ़, 22 अक्टूबर (भाषा) पंजाब विधानसभा ने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी।
झोटा की पिछले सप्ताह मानसा में दवाइयों की एक दुकान के मालिक ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पंजाब विधानसभा के सत्र के पहले दिन सदन ने झोटा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह रंधावा ने कहा कि पूर्व कबड्डी खिलाड़ी और मुक्केबाज झोटा ने नशे की समस्या के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनकी 13 अक्टूबर को मौत हो गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने में झोटा के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सदन इस दुखद घटना की कड़ी निंदा करता है और झोटा को श्रद्धांजलि देता है।
दवाइयों की दुकानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने वाले झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा के एक व्यस्त बाजार में स्थित दुकान के अंदर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
झोटा ने दवाइयों की दुकान के मालिक अश्वनी कुमार से एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीले पदार्थ बेचने को लेकर सवाल किया था, जिसके बाद कुमार ने उन पर गोली चला दी थी। बाद में कुमार को राजस्थान के सालासर से हिरासत में ले लिया गया था।
सदन ने कुछ दिन पहले संगरूर में लहरागागा-जाखल मार्ग पर एक कार की चपेट में आने से मारे गए आठ मजदूरों को भी श्रद्धांजलि दी।
इसके अलावा, विधानसभा ने पंजाब के पूर्व मंत्री और विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष चुन्नी लाल भगत को भी श्रद्धांजलि दी, जिनका पिछले महीने निधन हो गया था। विधायकों ने पूर्व सांसद वरिंदर बाजवा को भी श्रद्धांजलि दी।
दिवंगत लोगों के सम्मान में शोक प्रस्तावों के दौरान सदन में दो मिनट का मौन रखा गया।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.