नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज होने और विपक्षी दलों के उच्चतम न्यायालय तक मार्च निकालने के बीच सोमवार को मध्य दिल्ली की कई सड़कों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं और यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
मध्य दिल्ली के विभिन्न इलाकों में कारों, बसों और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। कई वाहन चालकों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि वे घंटों जाम में फंसे रहे।
वहीं, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, कॉपरनिकस मार्ग और इंडिया गेट के सी-हेक्सागन के पास भी वाहनों की कतारें देखी गईं। इन इलाकों में बैरिकेड और पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच यातायात धीमी गति से चलता रहा।
मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात जाम की स्थिति रही। इनमें मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, मथुरा रोड, फिरोजशाह रोड, केजी मार्ग, अशोक रोड, भगवान दास रोड, तिलक मार्ग, कॉपरनिकस मार्ग, इंडिया गेट सी-हेक्सागन, रानी झांसी रोड, देशबंधु गुप्ता रोड, कनॉट प्लेस, मिंटो रोड, आसफ अली रोड, अकबर रोड, आईटीओ और इंद्रप्रस्थ मार्ग शामिल हैं।
विपक्षी दलों ने भारी पुलिस तैनाती के बीच उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च करने का प्रयास किया।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने जाम के लिए विरोध प्रदर्शनों को जिम्मेदार ठहराया। यात्रियों ने मार्ग परिवर्तन के कारण हो रही परेशानी की ओर भी ध्यान दिलाया। यातायात प्रबंधन को लेकर लोगों में नाराजगी दिखी। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर यातायात व्यवस्था की आलोचना की और यात्रियों को हो रही परेशानी पर चिंता जताई।
एक शख्स ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘दिल्ली यातायात पुलिस पूरी तरह विफल रही है। पुलिस और राजनीतिक दलों, दोनों के लिए यह शर्मनाक है। लोग बिना किसी वजह के घंटों यातायात जाम में परेशान हो रहे हैं।”
एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, “मैं ढाई घंटे से यातायात जाम में फंसा हूं। शहर में क्या हो रहा है?”
कई यात्रियों ने कहा कि जाम के कारण उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या प्रभावित हुई है। कुछ लोगों ने बताया कि पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने के बावजूद उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई।
दिल्ली यातायात पुलिस ने यात्रियों को कॉपरनिकस मार्ग और तिलक मार्ग से बचने के लिए क्रमशः कस्तूरबा गांधी मार्ग और मथुरा रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
इससे पहले जारी परामर्श में यातायात पुलिस ने विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर राजधानी के कई प्रमुख चौराहों और सड़कों पर पाबंदियों तथा मार्ग परिवर्तन की चेतावनी दी थी।
परामर्श में पंचकुइयां और मंडी हाउस गोल चक्कर, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (डब्ल्यू-प्वाइंट), राम चरण अग्रवाल चौक (ए-प्वाइंट), मिंटो रोड, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक और कनॉट प्लेस के आटर सर्किल-बाराखंभा रोड टी-प्वाइंट को उन स्थानों में शामिल किया गया था, जहां मार्ग बदले जा सकते थे।
अन्य चिन्हित मार्गों में कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल के पास चेल्म्सफोर्ड रोड, भैंरों रोड-एमजीएम रिंग रोड टी-प्वाइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोल चक्कर, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे के इलाके शामिल थे।
पुलिस ने वाहन चालकों को प्रभावित इलाकों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने, मार्ग परिवर्तन के संकेतों और यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने तथा सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी थी।
भाषा नोमान नोमान आशीष
आशीष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.